
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कई शहरों में बच्चा चोरी की अफवाह से दहशत का माहौल है। भीड़ कानून को अपने हाथ में ले रही है। कई महिलाएं तक भीड़ का शिकार हो रही हैं। वहीं, कहीं पर ऐसा हाल है कि पुरूषों की बेरहमी से पिटाई की जा रही है। इन्हीं घटनाओं को देखते हुए बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने ट्वीट कर मॉब लिंचिंग को एक भयानक रूप बताया है।
मॉब लिंचिंग में निर्दोष महिलाएं बन रहीं शिकार
मायावती ने कहा कि यूपी में मॉब लिंचिंग नए भयावह रूप में निर्दोष महिलाओं को अपना शिकार बना रहा है। इस सम्बंध में बच्चा चोरी के आरोप में बेगुनाह महिलाओं को प्रताड़ित/हत्या करने से लोगों में दहशत है। राज्य सरकार ऐसे गलत तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करे तो बेहतर है।
बता दें कि यूपी में बच्चा चोरी गैंग के सक्रिय होने की खबरें हैं। प्रदेश में कई जगह ऐसी खबरें हैं, जिसमें बच्चा चोरी के शक में भीड़ द्वारा लोगों की पिटाई का मामला सामने आया है। यूपी पुलिस तक इस तरह की खबरों से परेशान है। पुलिस के मुताबिक ये सभी घटनाएं अफवाह हैं। कई जिलों में इस तरह की अफवाहों से बचने के लिए पुलिस के आला अधिकारियों की तरफ से बाकायदा एडवाइजरी जारी की गई है।
यह है मामला
फतेहगढ़ के छाबड़ा गांव निवासी सात वर्षीय बेटे रवि को अस्पताल ले जाने के लिए दो भाई बाइक पर बैठकर दो भाई चंदौसी के अस्पताल में उपचार के लिए निकल पड़े। दोपहर में जब दोनों भाई भतीजे को लेकर असालातपुर जरई गांव से गुजर रहे थे, तो वहां मौजूद ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी। पेट दर्द से चीख रहे बच्चे को देखकर ग्रामीणों को लगा कि उसे जबरन उठा कर ले जाया जा रहा है। दोनों भाइयों को बच्चा चोर समझकर ग्रामीण ने शोर मचाना कर भीड़ इकट्ठा किया। इसके बाद बच्चा चोरी के शक में दोनो भाइयों को भीड़ द्वारा लाठी-डंडों से पीटा। दोनों को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उनकी कपड़े तक फट गए। इस बीच दोनों गुहार लगाते रहे कि बच्चा उनका भतीजा है, लेकिन किसी ने उनकी एक न सुनी।
इन जिलों में भी सामने आए मामले
झांसी - झांसी के शहर कोतवाली क्षेत्र के उन्नाव गेट बाहर एक बच्चे को चुराकर भाग रही एक महिला को स्थानीय लोगोंं ने रंगे हाथों पकड़ लिया। एक स्कूली बच्चे की मां के शोर मचाने पर स्थानीय लोगोंं की मदद से बच्चे को छुड़ाया गया। इसके बाद महिला की पिटाई कर उसे थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
गोंडा- जनपद में 11 अगस्त को गोंडा में बच्चा चोरी के आरोप में पेड़ से बांधकर महिला की पिटाई कर दी गई।
एटा- एटा में भी बच्चा चोरी के शक मे भीड़ ने हिमाचल की रहने वाली एक महिला की पिटाई कर दी।
हरदोई- हरदोई में हरपालपुर इलाके में चार दिन पहले बच्चा चोरी के आरोप में एक विक्षिप्त महिला की पिटाई हुई थी, जिसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया था। इस मामले में पीड़ित महिला संगीता के पति ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
अमरोहा- अमरोहा में बच्चा चोरी के आरोप में भी एक शख्स की पिटाई का मामला सामने आया था.
जौनपुर- जौनपुर में मानसिक रूप से विक्षिप्त एक महिला को गांव वालों ने बच्चा चोरी के आरोप में पिटाई किया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।