कोर्ट ने विधान परिषद के सभापति रमेश यादव की पत्नी मीरा यादव को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है
लखनऊ. अभिजीत यादव मर्डर केस में विधान परिषद के सभापति रमेश यादव की पत्नी मीरा यादव को बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने मीरा यादव को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। सोमवार सुबह पुलिस मीरा को विधायक आवास, दारुलशफा से गिरफ्तार कर कैंट थाने लाई थी। कोर्ट ले जाते समय मीरा ने कहा कि उसे गलत फंसाया गया है। अभिजीत यादव ने फांसी लगाई थी। उसने अभिजीत यादव की हत्या नहीं की है। रविवार सुबह बीएससी के छात्र 21 वर्षीय अभिजीत का शव रमेश यादव के सरकारी फ्लैट में मिला था।
अभिजीत यादव मर्डर केस में गिरफ्तार मां मीरा यादव ने अपने पति व विधान परिषद के सभापति रमेश यादव पर बेटे की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया। मीरा ने कहा कि उनके बेटे अभिजीत को मारने की साजिश रची गई है। यह साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि उनके पति रमेश यादव ने रची है। बता दें कि मीरा यादव एटा निवासी विधान परिषद के सभापति रमेश यादव की दूसरी पत्नी है। राजधानी में दारूलशफा के बी-ब्लॉक में वह अपने बड़े बेटे अभिषेक और छोटे बेटे अभिजीत के साथ रहती हैं। रमेश यादव की पहली पत्नी का नाम प्रेमा यादव है, जबकि मीरा यादव उनकी दूसरी पत्नी हैं। कहा जा रहा है कि रमेश यादव की अपनी दूसरी पत्नी से बात तक नहीं होती थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अभिजीत की गला दबाकर और सिर पर चोट लगने की वजह से मौत की बात सामने आई है। कोर्ट ले जाते समय भले ही मीरा यादव खुद को निर्दोष बताती रही हैं। लेकिन पुलिस का दावा है कि पूछताछ उन्होंने खुद बेटे अभिजीत की हत्या किया जाना कुबूल किया था। एएसपी पूर्वी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि मीरा ने पुलिस को बताया कि अभिजीत शराब का लती था। वह हमेशा शराब के लिए पैसे की डिमांड करता रहता था। घर पर वह गाली-गलौच और मारपीट भी करता था। शनिवार रात को भी वह नशे में धुत होकर घर पहुंचा और पैसे की डिमांड की, जिसके बाद कहा सुनी हुई। इसके बाद मीरा ने उसे धक्का दे दिया तो उसका सिर दीवार से टकरा गया। इसके बाद मीरा ने दुपट्टे से गला घोंट दिया।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में मीरा यादव ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। मीरा ने पुलिस को बताया कि रविवार तड़के करीब तीन बजे अभिजीत के सीने में दर्द हुआ था। अभिजीत के कहने पर उसके सीने पर उन्होंने बाम लगाया था। पेट में गैस की आशंका पर उसे दवा भी दी। उसे कुछ आराम मिला तो वह बेड पर सो गया था, जबकि मीरा जमीन पर सो गई थी, फिर नहीं पता क्या हुआ।
मुझे किसी पर शक नहीं : रमेश यादव
बेटे अभिजीत की मौत को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या बताए जाने पर विधान परिषद के सभापति रमेश यादव ने बताया कि मीरा यादव मेरी दूसरी पत्नी है। मुझे घटना के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है और किसी पर शक नहीं है। जिस समय यह घटना हुई, मैं एटा में था। जानकारी होते ही मैं लखनऊ रवाना हो गया। रविवार शाम रमेश यादव लखनऊ पहुंचे और बेटे की अंत्येष्टि में शामिल हुए।