बाराबंकी. लोकसभा चुनाव की तारीखें जैसे-जैसे नज़दीक आ रही हैं, नेताओं की टिप्पणियां भी तल्ख होती जा रही हैं। कल तक समाजवादी पार्टी के नेताओं की शान रहे शिवपाल सिंह यादव आज उन्हीं नेताओं के निशाने पर हैं। अखिलेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे राज किशोर सिंह ने समाजवादी सेक्युलर मोर्चे के संस्थापक शिवपाल सिंह यादव को लेकर बड़ा बयान दिया।
बाराबंकी की जैदपुर विधानसभा के जैदपुर कस्बे में समाजवादी पार्टी का बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मन्त्री राजकिशोर सिंह और पूर्व मन्त्री अरविन्द सिंह गोप के अलावा पूर्व मन्त्री राजा राजीव कुमार सिंह के साथ जनपद के कई समाजवादी नेता पूर्व विधायक शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अरविन्द सिंह गोप ने कहा कि माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष के आदेश पर पूरे प्रदेश में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, इसी क्रम में आज जैदपुर का कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं को यह विश्वास दिलाया जा रहा है कि आने वाले चुनाव में उनके टक्कर का कोई नहीं है।
शिवपाल सिंह यादव पर जब सवाल हुआ तो अरविंद सिंह गोप ने बड़ी सफाई से सवालों को टालते हुए कहा कि पूरे देश का समाजवादी अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव के साथ खड़ा है। लेकिन, उनके बगल में बैठे पूर्व मन्त्री राजकिशोर सिंह से जब यह सवाल किया गया कि शिवपाल सिंह यादव द्वारा किये जा रहे नुकसान से पार्टी कैसे निपटेगी तो राजकिशोर सिंह ने कहा कि जब समाजवादी पार्टी का भाजपा कुछ नहीं कर पाई तो कोई भी आ जाये, कुछ नहीं कर पायेगा।