
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी कि एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार और झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंची। उन्होंने सभी दलों से अपने लिए वोट अपील की। इस सिलसिले में लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुर्मू को समर्थन देने के लिए यूपी में भी दलीय सीमाएं टूटती नजर आ रही हैं। उन्होंने दावा किया है कि मुर्मू को सबसे अधिक वोट उत्तर प्रदेश से ही मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद के लिए जनजातीय समाज की एक मातृशक्ति के रूप में सर्वसम्मत चेहरा है। उड़ीसा के जनजातीय समाज में पैदा हुईं, अभावों में पली बढ़ी एक बेटी कैसे जीवन की विषम परिस्थितियों से जूझती हुई भाजपा के सेवा अभियान से जुड़कर आज इस मुकाम तक पहुंची हैं, यह प्रेरणास्पद है।
उड़ीसा में बीजद ने दिया समर्थन
सीएम योगी ने कहा कि उड़ीसा में बीजद से समर्थन मिला है। झारखंड में समर्थन मिल रहा है। आंध्र प्रदेश और पंजाब में दलीय सीमा टूटी तो यूपी में भी जरूर टूटेगी। राष्ट्रपति चुनाव में उत्तर प्रदेश के विधायकों के वोट का प्रभार सर्वाधिक है। मुर्मू को सर्वाधिक वोट भी उत्तर प्रदेश से मिलेंगे। जनजातीय समाज की बेटी का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद के लिए निर्वाचन पूरी दुनिया को भारत के सशक्त लोकतंत्र का अहसास कराएगा।
कमजोर, वंचित और जनजातीय समाज के लिए आजीवन कार्य किया
राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि जनजातीय समाज में जन्म लेने वाली एक महिला आज आपके सामने समर्थन मांगने आई है। मैंने अभाव के बावजूद अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर उच्च शिक्षा प्राप्त की। कमजोर, वंचित तबके और जनजातीय समाज के लिए आजीवन कार्य किया। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी का समर्थन मुझे मिलेगा। फिर भी यदि मुझे लेकर किसी के मन मे दुविधा है तो मैं कहना चाहूंगी की समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़ी इस बेटी के साथ आपका हाथ होता तो बहुत अच्छा होता।