
लखनऊ. पुलवामा आतंकी हमले में शहीद जवानों की आज उनके जिलों में शव यात्रा निकाल कर उनका अंतिम संस्कार किया गया। पूरा देश इस आतंकी हमले से आक्रोशित है और आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है। इससे सभी राजनीतिक दल एक जुट दिख रहे हैं और शहीदों के परिवार के साथ खड़े हैं। वहीं कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शहीदों के परिवारीजन से वार्ता कर उनको सांत्वाना दे रही हैं। आपको बता दें कि इस हमले में देश के 44 जवान शहीद हुए हैं जिनमें से 12 उत्तर प्रदेश से हैं।
ऐसा ही मेरे पिता के साथ भी हुआ था- प्रियंका
प्रियंका गांधी ने शनिवार को शहीदों के परिवारवालों को सांत्वना देने की शुरुआत की। चंदौली के सपूत अवधेश कुमार यादव शहीद के पिता से फोन पर उन्होंने वार्ता की और साथ ही उनको ढांढस बंधाया। बातचीत के दौरान उन्होंने शहीद अवधेश कुमार यादव के पिता के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। प्रियंका गांधी ने उनके पिता से कहा कि जो उनके बेटे के साथ हुआ ऐसा ही मेरे पिता (राजीव गांधी) के साथ हुआ था। मैं आपके दर्द को समझ सकती हूं। मैं उधर आऊंगी तो आपसे मुलाताक करूंगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस गहरे संकट और दुख की घड़ी में हम सब आपके साथ हैं। आपके पुत्र ने देश की रक्षा की खातिर अपने प्राणों की बलि दी है। उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।