
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में बेखौफ बदमाशों के हौसले दिन ब दिन बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला राजधानी के पॉश इलाके का है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े पेट्रोल पंप के एक कैशियर को गोली मारकर करीब 10 लाख रुपए को लूटकर फरार हो गए, वहीं गोली लगने से घायल कैशियर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
ये रहा पूरा मामला
गोमतीनगर में बैंक ऑफ इंडिया के सामने उर्दू एकेडमी रोड पर एचपी गैस के बिहारी गैस एजेंसी के कैशियर श्याम सिंह एजेंसी का दस लाख रुपया बैग में रखकर बैंक में जमा करने जा रहे थे। सुबह साढ़े दस बजे के करीब भीड़ भरे इलाके में पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने गोली मारकर लूट की घटना को अंजाम दिया। कैशियर श्याम सिंह गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल थे, जिन्हें तुरंत लोहिया अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि एक बदमाश ने हेलमेट लगाया था, जबकि दूसरा नकाब लगाए था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को लेकर सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही हैं। वारदात की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक श्याम सिंह लखनऊ में खुर्दही बाजार, गोसाईगंज के रहने वाले थे। यहां विनीत खंड में रहते थे। इनका छोटा भाई सुधीर सिंह कस्टम में तैनात है। भाई सुधीर कस्टम ऑफिस अलीगंज में तैनात है। बेटी गुंचा अवध डिग्री कॉलेज और छोटी बेटी शुभी केंद्रीय विद्यालय में पढ़ती है।