
लखनऊ. ब्राह्मणों (Brahmin Vote) को रिझाने के लिए समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) अब यूपी में भगवान परशुराम (Parshuram) की सबसे ऊंची प्रतिमा लगाने की योजना बना रही है। प्रतिमा करीब 108 फिट ऊंची होगी। इसको लेकर सपा नेता जयपुर के मूर्तिकार से बात करने पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि परशुराम चेतना पीठ ट्रस्ट के तहत प्रतिमा का निर्माण किया जाएगा। इस खबर के बाद सियासी गलियारों में चर्चा है कि सपा इसके जरिए भाजपा के ब्राह्मण वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है। बीते माह गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर व पुलिस की कार्रवाई काे लेकर ब्राह्मणों में कथित नाराजगी की बातें सामने आईं हैं। कांग्रेस लगातार इस मुद्दे पर आक्रामक है और प्रदेश में तमाम घटनाओं को ब्राह्मणों से जोड़ा जा रहा है। वहीं, समाजवादी पार्टी ने भी अपने दिग्गज ब्राहमण नेताओं को कमान सौंप दी है।
मूर्तिकार से सपा कर रही बात-
समाजवादी पार्टी ने भगवान परशुराम की मूर्ति के लिए देश के बड़े मूर्तिकार अर्जुन प्रजापति और अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति बनाने वाले राजकुमार से बातचीत की है। बताया जा रहा है कि प्रतिमा के लिए समाजवादी पार्टी चंदे से धन जुटाएगी। पार्टी का दावा है कि यह यूपी में भगवान परशुराम की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी। सूत्रों की मानें तो समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ कुछ ब्राह्मण नेताओं की बैठक हुई है, जिसमे यह फैसला लिया गया कि हर जिले में भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
सपा विधायक ने कहा वह लगवा रहे हैं प्रतिमाएं-
समाजवादी पार्टी के पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय का कहना है कि वह प्रबुद्ध महासभा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। मूर्ति प्रबुद्ध महासभा की तरफ से लगाने का प्रस्ताव हुआ है। उन्होंने कहा कि क्योंकि वह समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं इसलिए प्रतिमा लगवाने को पार्टी से जोड़ जा रहा है लेकिन प्रतिमा वे लोग लगवा रहे हैं।मनोज पाण्डेय ने यह भी कहा कि भगवान परशुराम के साथ ही देश को आजाद कराने के लिए अपना जीवन बलिदान करने वाले क्रांतिकारी मंगल पांडेय की मूर्तियां भी वे लोग हर जिले में लगवाएंगे। इसके लिए पार्टी ने चंदा जुटाना शुरू कर दिया है।
जगह की तलाश जारी-
वहीं सपाविधायक मनोज पाण्डेय ने कहा कि उन्होंने पूर्वांचल और बुंदेलखंड के जिलाध्यक्षों की बैठक बुलाकर बीते सप्ताह ही मूर्ति लगवाने का फैसला लिया था। अब हर जिले में जगह तलाशी जा रही है प्रतिमा लगाने के लिए।