13 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ओमप्रकाश के बेटे अरविंद को जान से मारने की धमकी: राजभर बोले- सुहेलदेव का वंशज हूं, कंसवादियों से मैं नहीं डरता हूं

Akhilesh Yadav: सुभासपा कार्यालय पर कथित हमले को लेकर ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने राजनीतिक हिंसा की आलोचना करते हुए कहा कि गुंडई से सपा चल सकती है, लोकतंत्र नहीं चलता।
2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Ankit Sai

Aug 13, 2026

Om Prakash Rajbhar - Akhilesh Yadav

सपा प्रमुख अखिलेश यादव और ओमप्रकाश राजभर (IANS Photo)

Om Prakash Rajbhar: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) कार्यालय पर हमले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यालय में घुसकर उनके बेटे डॉ. अरविंद राजभर को गाली और जान से मारने की धमकी दी गई। पार्टी कार्यालय प्रभारी धर्म प्रकाश चौधरी ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर अखिलेश यादव से सवाल किए और कहा कि राजनीतिक लड़ाई जनता के बीच और मुद्दों पर होनी चाहिए।

'जान से मारने की धमकी दी'

ओपी राजभर का आरोप है कि एक व्यक्ति पार्टी कार्यालय में पहुंचा और वहां मौजूद लोगों से विवाद करने लगा। पार्टी के मुताबिक, उसने ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरविंद के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसने पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद कार्यालय में मौजूद लोगों के इकट्ठा होने के बाद आरोपी वहां से निकल गया। इस मामले में सुभासपा कार्यालय प्रभारी धर्म प्रकाश चौधरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस घटना को लेकर अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने लिखा कि अखिलेश यादव राजनैतिक मतभेदों में हिंसा और गाली गलौज की जगह नहीं होनी चाहिए। कल आपके कार्यकर्ताओं ने जो किया, उसको कोई भी उचित नहीं ठहरा सकता। आपके कार्यकर्ता ने जो किया है, वो सिर्फ ग़लत ही नहीं, बल्कि अपराध की श्रेणी में आता है।

राजभर ने आरोप लगाया कि सुभासपा कार्यालय पर उनके लोगों ने कार्यालय प्रभारी धर्म प्रकाश के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी गई।

'गुंडई से सपा चल सकती है, लोकतंत्र नहीं'

ओम प्रकाश राजभर ने अपने बयान में सपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि राजनीतिक लड़ाई जनता के बीच जाकर और मुद्दों पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गुंडई से कोई राजनीतिक दल चल सकता है, लेकिन लोकतंत्र नहीं चल सकता। राजभर ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यह सब अखिलेश यादव के कहने पर हो रहा है या फिर उनके दोनों चाचाओं ने कार्यकर्ताओं को इशारा किया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में विरोध हो सकता है, लेकिन हिंसा और धमकी की जगह नहीं होनी चाहिए।

'सुहेलदेव का वंशज हूं, कंसवादियों से मैं नहीं डरता हूं'

मंत्री ने आगे कहा कि उनके कार्यकर्ता और वह ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने अपने बयान में कहा कि अखिलेश यादव एक बात जान लीजिए। ओम प्रकाश राजभर नाम है मेरा। महराजा सुहेलदेव का वंशज हूं। कंसवादियों से न मैं डरता हूं और न मेरे कार्यकर्ता। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार होगी। वहीं पुलिस शिकायत के बाद पूरे मामले की जांच की जा रही है।