लखनऊ

‘याद रखेगा यूपी’ अकाउंट के खिलाफ कोर्ट पहुंची समाजवादी पार्टी, 1000 AI वीडियो बनाने का दावा

Lucknow News: समाजवादी पार्टी ने याद रखेगा यूपी सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ कोर्ट में याचिका दाखिल की है। सपा का आरोप है कि अकाउंट से करीब 1000 AI वीडियो बनाए गए हैं। कोर्ट ने पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं।
2 min read
Sep 10, 2026
Samajwadi Party
सपा के खिलाफ 1000 AI वीडियो का दावा (ANI Photo)

Samajwadi Party AI Video: समाजवादी पार्टी ने अपने खिलाफ बनाए जा रहे कथित AI वीडियो को लेकर ‘याद रखेगा यूपी’ नाम के सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है। सपा का आरोप है कि इस अकाउंट के जरिए पार्टी की छवि खराब करने वाले और भ्रामक वीडियो तैयार किए जा रहे हैं। पार्टी ने दावा किया है कि अब तक करीब 1000 AI वीडियो बनाए जा चुके हैं। मामले को लेकर लखनऊ की अदालत में याचिका दाखिल की गई थी। कोर्ट ने 7 सितंबर को पुलिस को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

पुलिस पर FIR न करने का आरोप

सपा अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कन्हैया पाल ने बताया कि याद रखेगा यूपी नाम से एक सोशल मीडिया अकाउंट चलाया जा रहा है। उनके मुताबिक, इस अकाउंट के जरिए समाजवादी पार्टी के खिलाफ भ्रामक और पार्टी की छवि खराब करने वाले वीडियो AI तकनीक से तैयार किए जा रहे हैं।

सपा का आरोप है कि इस मामले की शिकायत पुलिस से किए जाने के बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई। इसके बाद पार्टी की ओर से अदालत का रुख किया गया। सपा अधिवक्ता सभा के लखनऊ जिलाध्यक्ष और लखनऊ बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अंजनी यादव ने अदालत में याचिका दाखिल की। इसके बाद 7 सितंबर को कोर्ट ने पुलिस को मामले की जांच के आदेश दिए।

करीब 1000 वीडियो का दावा

कृष्ण कन्हैया पाल ने बताया कि अब तक करीब 1000 वीडियो तैयार किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता सभा के पदाधिकारी देश के अलग-अलग हिस्सों से मेटा, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से इन अकाउंट्स को बंद करने और आपत्तिजनक कंटेंट हटाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आईटी एक्ट 2021 के प्रावधानों के तहत ग्रिवांस ऑफिसर से भी शिकायत की गई। हालांकि, आरोप है कि इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

मेटा और फेसबुक पर भी कार्रवाई न करने का आरोप

कृष्ण कन्हैया पाल ने बताया कि यूट्यूब की ओर से कहा गया कि कंटेंट उनके माध्यम से शेयर नहीं किया गया। वहीं फेसबुक और मेटा की ओर से भी कार्रवाई नहीं की गई। सपा की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक सामग्री हटाने और संबंधित अकाउंट्स को बंद करने की मांग की जा रही है। पार्टी का कहना है कि इस मामले में पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

सोशल मीडिया अकाउंट की होगी जांच

कृष्ण कन्हैया पाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर मोर्चे पर लड़ने के लिए तैयार है और पार्टी को संविधान एवं न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस मामले में न्याय मिलेगा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट अंडरकवर तरीके से संचालित किए जा रहे हैं। अब कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस की जांच में यह सामने आना बाकी है कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट कौन चला रहा है।

Updated on:
10 Sept 2026 09:17 am
Published on:
10 Sept 2026 09:17 am