
Addiction to online games:ऑनलाइन लूडो में हार एक विवाहिता के लिए फांसी का फंदा बन गई। ये घटना उत्तराखंड के यूएस नगर जिले के बाजपुर में घटी है। बताया जा रहा है कि बाजपुर के वार्ड-12 भौना कॉलोनी जीजीआईसी स्कूल के पास निवासी 25 साल की पल्लवी शर्मा ने शुक्रवार दोपहर अपने पति अनुभव शर्मा को फोन किया था। उसने पति को रोते हुए बताया कि वह फिर ऑनलाइन लूडो गेम में 50 हजार रुपये हार गई है। इससे पहले भी वह लूडो में बड़ी रकम हार चुकी थी। उसने फोन पर अपने पति से कहा कि वह लूडो में हार से काफी दुखी है, लिहाजा अब वह जीना नहीं चाहती है। इतना कहकर उसने कॉल कट कर दी थी। अनहोनी की आशंका को देखते हुए पति तत्काल घर पहुंचा तो कमरे में फंदे पर लटका पल्लवी का शव देख उसके होश फाख्ता हो गए। कोतवाल नरेश चौहान के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतका पल्लवी करीब तीन माह से ऑनलाइन लूडो खेल रही थी। हारते-हारते उसे लूडो की लत पड़ गई थी। इसकी जानकारी उसने अपने पति को भी दी थी। बताया जा रहा है कि लूडो की लत से संबंधित पति-पत्नी के बीच हुई चैट को पुलिस ने पढ़ लिया है। पति उसे इस लत से बाहर निकालने की कोशिश भी कर रहा था। पल्लवी काफी होनहार थी। वह उत्तराखंड पुलिस में भर्ती की तैयारियों में भी जुटी हुई थी। इसी बीच उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पल्लवी के मायके वालों ने मृतका के पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। शुक्रवार देर शाम ही उन्होंने पुलिस को तहरीर सौंप दी थी। बेटी की मौत की सूचना मिलते ही यूपी के बिजनौर के चांदपुर निवासी सत्येंद्र कुमार शर्मा भी बाजपुर पहुंच गए थे। यहां पहुंचने पर उन्होंने कोतवाली में तहरीर सौंपी। उनका आरोप है कि ससुराली शादी के बाद से ही पल्लवी को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। वह एक साल के भीतर ढाई लाख कैश और एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर चुके थे।