यूपी के महराजगंज की इस दर्दनाक घटना में नया खुलासा हुआ है। बच्चों की हत्या के बाद आत्महत्या करने वाले व्यक्ति ने मरने से पहले वीडियो बनाकर साले को भेजा और कमरे की दीवारों पर अपनी पीड़ा लिखकर कई आरोप लगाए।
महराजगंज में SSB की महिला कर्मी के परिवार में हुए दिल दहला देने वाले हत्याकांड में नया खुलासा सामने आया है। पति ने पहले अपने मासूम बेटा-बेटी को खिड़की से रस्सी के सहारे लटका दिया। फिर खुद भी छत के कुंडे से फंदा लगाकर जान दे दी। मरने से पहले उसने दीवार पर सुसाइड नोट लिखते हुए पत्नी और उसके कथित प्रेमी सोनू गौतम को जिम्मेदार ठहराया।
महराजगंज जिले के नौतनवा क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। यहां एक व्यक्ति ने अपने ही दो मासूम बच्चों की जान लेने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। इस घटना से परिवार ही नहीं, आसपास के लोग भी स्तब्ध रह गए। जानकारी के अनुसार नौतनवा के गांधी नगर इलाके में किराए के मकान में रहने वाले अमरेश ने अपने चार साल के बेटे अमरेंद्र और तीन साल की बेटी कंचन को रस्सी के सहारे खिड़की से लटका दिया। इसके बाद उसने कमरे में लगे कुंडे से फंदा बनाकर खुद भी आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब सात बजे बच्चों की चीख-पुकार सुनकर नीचे रहने वाले किराएदारों को शक हुआ। जब उन्होंने ऊपर जाकर दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने घर की महिला सदस्य वंदना भारती को फोन किया। जो उस समय ड्यूटी पर थीं। सूचना मिलने पर वंदना तुरंत घर पहुंचीं। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई आवाज नहीं आई। तो दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। खिड़की के सहारे दोनों मासूम बच्चों के शव लटक रहे थे। जबकि कमरे में अमरेश का शव फंदे से झूल रहा था।
वंदना भारती सशस्त्र सीमा बल की 66वीं वाहिनी में तैनात हैं। वह नेपाल सीमा के पास ड्यूटी करती हैं। वह अपने पति और दोनों बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती थीं। परिवार मूल रूप से गाजीपुर जिले के सैदपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार अमरेश ने मरने से पहले कमरे की दीवार पर एक सुसाइड नोट भी लिखा है। जिसमें उसने अपनी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति पर आरोप लगाए हैं। इसके अलावा उसने एक वीडियो बनाकर अपने साले को भी भेजा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसएसबी के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद इस घटना की वजह माना जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में गहरा शोक है। पड़ोसियों का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यह परिवार इतनी बड़ी त्रासदी का शिकार हो जाएगा।