23 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सड़क पर बिखरी लाशें और फटे सिर: देख कांप गई रूह, महराजगंज में पति-पत्नी और मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत

Maharajganj Accident: महराजगंज में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया, जिसमें पति-पत्नी और 7 महीने की मासूम बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

2 min read
Google source verification
maharajganj trailer bike family accident

महराजगंज में पति-पत्नी और मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत..

Maharajganj Accident News Today: महराजगंज जिले में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। थाना कोठीभार क्षेत्र के पकड़ी भारतखंड निवासी नौशाद अपनी पत्नी सलेहा और 7 महीने की बेटी शहजादी को बाइक से अस्पताल लेकर जा रहे थे। बच्ची की तबीयत खराब होने के कारण परिवार जल्द से जल्द इलाज के लिए निकल पड़ा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी जिंदगी खत्म हो गई।

पीछे से मारी जोरदार टक्कर

जानकारी के अनुसार, परिवार सिंदुरिया थाना क्षेत्र में ईंट भट्ठे के पास कुछ देर रुका था। काम निपटाने के बाद जब वे आगे बढ़े, तभी बलुही धूस गांव के पास गिट्टी से लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए।

मौके पर ही तीनों की दर्दनाक मौत, सड़क पर फैला खून

हादसे का मंजर इतना भयावह था कि मौके पर ही पति, पत्नी और मासूम बच्ची ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद नौशाद करीब 4 फीट दूर जा गिरे, जबकि पत्नी और बच्ची सीधे ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गईं। हेलमेट पहनने के बावजूद नौशाद की जान नहीं बच सकी। सड़क पर खून फैल गया और आसपास के लोग दहशत में आ गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस, अस्पताल में मृत घोषित

घटना की जानकारी मिलते ही सिंदुरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एएसपी ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ है।

12 किलोमीटर पीछा कर ट्रेलर चालक गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया था। लेकिन वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने सर्विलांस और स्थानीय थानों की मदद से पीछा किया और करीब 12 किलोमीटर दूर घुघली थाना क्षेत्र के पकड़ी विशुनपुर के पास उसे पकड़ लिया। ट्रेलर को भी जब्त कर लिया गया है और चालक से पूछताछ जारी है।

चार साल पहले हुई थी शादी

परिजनों के अनुसार नौशाद दो भाइयों में छोटा था और परिवार के साथ रहकर खेती-बाड़ी करता था। उसकी शादी चार साल पहले सलेहा से हुई थी और उनकी 7 महीने की बेटी शहजादी उनकी इकलौती संतान थी। इस हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया है और गांव में मातम पसरा हुआ है।