
Minor Girl Incident in Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा के साथ अनैतिक काम किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रेटर नोएडा से दिल्ली के कश्मीरी गेट के बीच चलने वाली बस में चालक और कंडक्टर ने नाबालिग के साथ यह वारदात की। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल बस को भी कब्जे में लिया गया है। घटना 4 अगस्त 2026 की बताई जा रही है। पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है।
जानकारी के मुताबिक, छात्रा 3 अगस्त को बिना बताए घर से निकल गई थी। बताया जा रहा है कि पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज होकर उसने घर छोड़ दिया था। उसका इरादा नोएडा सेक्टर-63 में रहने वाले अपने चचेरे भाई के घर जाने का था।
पुलिस के मुताबिक, घटना की रात तेज बारिश और अंधेरा होने के कारण छात्रा गलती से परी चौक पर उतर गई थी। वह बारिश में फंस गई। इसी दौरान वहां से एक खाली स्लीपर बस गुजर रही थी। छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया।
आरोप है कि बस चालक और कंडक्टर ने उसे बस में बैठा लिया। दोनों ने छात्रा को बताया कि बस नोएडा सेक्टर-63 की ओर जा रही है। छात्रा उनके भरोसे बस में बैठ गई। पुलिस के अनुसार, बस कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद कंडक्टर ने उसके साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने इसका विरोध किया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद चालक और कंडक्टर ने उसके साथ अनैतिक काम किया। छात्रा के विरोध करने पर दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि देर रात दोनों उसे कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतारकर वहां से फरार हो गए। इसके बाद छात्रा ने कश्मीरी गेट थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और दोनों को टिमारपुर की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी जब्त कर लिया है। अब बस की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।