मैनपुरी

टीचर-स्टूडेंट रिश्ते को शर्मसार करने वाली वारदात: मैनपुरी में सनकी छात्र ने बीच सड़क महिला शिक्षिका के होंठ काटे

Mainpuri News: मैनपुरी में 12वीं के एक सनकी छात्र ने महिला शिक्षिका पर बीच सड़क जानलेवा हमला कर उनके होंठ काट डाले।
2 min read
Feb 05, 2026
mainpuri teacher attack student lips bitten
मैनपुरी में सनकी छात्र ने बीच सड़क महिला शिक्षिका के होंठ काटे | Image Video Grab

Mainpuri Teacher Attack: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने न सिर्फ कानून-व्यवस्था बल्कि शिक्षक-छात्र जैसे पवित्र रिश्ते पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां 12वीं कक्षा के एक सिरफिरे छात्र ने अपनी ही महिला शिक्षिका पर बीच सड़क जानलेवा हमला कर दिया और उनके दोनों होंठ काट डाले। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को जिला अस्पताल से आगरा रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई वारदात

यह पूरी घटना मैनपुरी सदर कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है। महिला शिक्षिका रोज की तरह एक छात्र को घर पर ट्यूशन पढ़ाने जा रही थीं। इसी दौरान आरोपी छात्र ने रास्ते में उन्हें रोक लिया। पहले कहासुनी हुई और फिर आरोपी ने जबरन उनके गले में हाथ डालकर उन्हें आगे की ओर घसीटते हुए हमला कर दिया।

बेरहमी से काट डाले होंठ

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब शिक्षिका ने आरोपी के व्यवहार का विरोध किया तो वह बेकाबू हो गया। उसने धारदार हथियार से महिला के चेहरे पर हमला किया और बेरहमी से उनके होंठ काट डाले। खून से लथपथ हालत में शिक्षिका सड़क पर गिर पड़ीं, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुरानी छेड़छाड़ की शिकायत से जुड़ा है मामला

पीड़िता के परिजनों के अनुसार, आरोपी छात्र पहले उसी स्कूल में पढ़ता था जहां महिला शिक्षिका पढ़ाती थीं। उसी दौरान उसने उनके साथ छेड़छाड़ शुरू की थी। इसकी शिकायत जब छात्र के परिजनों से की गई तो कुछ समय तक स्थिति सामान्य रही, लेकिन बाद में आरोपी फिर से वही हरकतें करने लगा।

स्कूल बदलने के बाद भी पीछा नहीं छूटा

लगातार मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर शिक्षिका ने वह स्कूल छोड़ दिया और दूसरे स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया। इसके बावजूद आरोपी छात्र ने उनका पीछा करना नहीं छोड़ा। वह अक्सर रास्ते में दिखाई देता और परेशान करता रहा, जिससे शिक्षिका लगातार तनाव में रहने लगी थीं।

सीसीटीवी फुटेज ने खोली आरोपी की करतूत

इस खौफनाक घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी छात्र महिला शिक्षिका को जबरन गले में हाथ डालकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। कुछ ही क्षणों बाद वह उन पर हमला करता है। यह फुटेज पुलिस जांच में अहम सबूत माना जा रहा है।

भाई की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

घायल शिक्षिका के भाई ने मैनपुरी सदर कोतवाली में आरोपी छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।

कानून व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और शिक्षकों की संरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग यह सोचने पर मजबूर हैं कि जब एक शिक्षिका स्कूल बदलने के बाद भी सुरक्षित नहीं है, तो आम महिलाओं की स्थिति कितनी चिंताजनक हो सकती है।

Updated on:
05 Feb 2026 11:59 am
Published on:
05 Feb 2026 11:59 am