मंगलवार को सेंसेक्स 38,683 और निफ्टी 11,614 के स्तर पर खुला। मिडकैप व स्मॉलकैप इंडेक्स में अच्छी खरीदारी। वैश्विक बाजारों में गिरावट का दौर जारी।
नई दिल्ली। बीते दिन भारी गिरावट के बाद मंगलवार को सप्ताह के दूसरे कारोबारी सत्र में घरेलू शेयर बाजार में तेजी के साथ खुले। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 एक बार फिर 11,600 के उपर बढ़त बनाने में कामयाब रहा। सप्ताह के दूसरे कारोबार सत्र की शुरुआत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स यानी सेंसेक्स 38.43 अंकों की बढ़त के साथ 38,683.61 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी 50 भी 20 अंकों की बढ़त के साथ 11,614.50 के स्तर पर खुला।
दिन के शुरुआती कारोबार में मिडकैप व स्मॉलकैप इंडेक्स में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 24 अंकों की तेजी देखने को मिल रही है जिसके बाद यह 15,172 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, बीएसई का ही स्मॉलकैप इंडेक्स 15 अंकों की बढ़त के साथ 14,819 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सीएनएक्स मिडकैप पर नजर डालें तो यह भी 17 अंकों की तेजी के साथ 17,777 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
अधिकतर सेक्टोरियल इंडेक्स हरे निशान पर कर रहे कारोबार
सेक्टोरियल इंडेक्स में मेटल, पीएसयू और ऑयल एंड गैस सेक्टर्स में गिरावट दर्ज की जा रही है। हरे निशान पर कारोबार करने वाले सेक्टर्स में एनर्जी, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, फार्मा, आईटी, टेक, एंटरटेनमेंट और रियल्ट सेक्टर्स शामिल हैं। बैंक निफ्टी की बात करें तो इसमें भी 74 अंकों की तेजी देखने को मिल रही है। बैंक निफ्टी 29,762 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
वैश्विक बाजारों में गिरावट का दौर
मंगलवार को एशियाई बाजार में पिछले दिन के मुकाबले हल्की तेजी के बाद एक बार गिरावट दर्ज की जा रही है। गत सोमवार को चीन के कई स्टॉक्स पिछले 13 महीने के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया था। जपान भी सपाट स्तर पर बंद हुआ था। जापान का निक्केई 11 अंकों की गिरावट के साथ 22,206 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, चीन का हैंग सेंग भी 27 अंक लुढ़ककर 29,936 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। कोरिया के कोस्पी की बात करें तो इसमें 2 अंकों की हल्की बढ़त दर्ज की जा रही है जिसके बाद यह 2,217 के स्तर पर कारोबा कर रहा। इसके पहले अमरीकी बाजार में डाओ जोंस भी 49 अंक लुढ़ककर 26,511 के स्तर पर बंद हुआ था। हालांकि, नैस्डेक हरे निशान पर बंद होने में कामयाब रहा था। नैस्डेक 17 अंकों की हल्की बढ़त के साथ 8,015 के स्तर पर बंद हुआ।
डॉलर के मुकाबले रुपए में हल्की तेजी
मंगलवार को सप्ताह के दूसरे दिन डॉलर के मुकाबले रुपए में हल्की तेजी देखने को मिली। मंगलवार को 69.92 के स्तर पर खुला। इसके पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 69.97 के स्तर पर बंद हुआ था।
Business जगत से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर और पाएं बाजार, फाइनेंस, इंडस्ट्री, अर्थव्यवस्था, कॉर्पोरेट, म्युचुअल फंड के हर अपडेट के लिए Download करें Patrika Hindi News App.