Mathura Crime: जनपद के नौहझील थाना क्षेत्र के गांव बाघई कटैलिया में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी ही भाभी की हत्या कर दी और इसके बाद स्वयं भी आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। फिलहाल […]
Mathura Crime: जनपद के नौहझील थाना क्षेत्र के गांव बाघई कटैलिया में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी ही भाभी की हत्या कर दी और इसके बाद स्वयं भी आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। फिलहाल वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे ज्वाला प्रसाद के 23 वर्षीय पुत्र दीपक का अपनी भाभी करिश्मा (20 वर्ष), पत्नी प्रमोद, से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान दीपक ने अचानक धारदार हथियार से करिश्मा का गला रेत दिया। इसके बाद उसने उसी हथियार से खुद का भी गला काट लिया। दोनों को लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा देख परिजन घबरा गए।
परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने करिश्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं दीपक की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए आगरा भेजा गया है। दीपक की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है