मेरठ

खुशखबरी: लोगों का इंतजार हुआ खत्म, अब आसमान मेंउड़ान भरेगी 19 सीटर एयर टैक्सी

Highlights: — खत्म हुई हवाई उड़ान की बाधा — नागरिक उडडयन मंत्री ने किया हवाई पटटी का निरीक्षण — मेरठ से उड़ान के लिए एनओसी प्राप्त की तैयारी शुरू
2 min read
• •
Updated: 21 Feb 2021, 2:00 PM IST
demo1.jpg

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

मेरठ। करीब एक दशक से मेरठ से हवाई उड़ान का सपना देख रहे मेरठवासियों की उम्मीदें जल्द ही पूरी होने वाली हैं। वो दिन दूर नहीं जब मेरठ की हवाई पटटी से 19 सीटर विमान उड़ान भरेंगे। हवाई उड़ान को लेकर जो बाधाएं थीं, वो अब खत्म हो गई हैं। अब जल्द यहां से उपलब्ध जमीन में ही 19 सीटर एयर टैक्सी उड़ान भरने लगेंगी। नागरिक उड्डयन विभाग ने इसका प्रस्ताव बनाकर मुख्यमंत्री की स्वीकृति के लिए भेज दिया है। इसे जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया ने भी मेरठ में उड़ान के लिए सर्वे और एनओसी प्राप्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। 31 मार्च तक उन्हें अपनी रिपोर्ट प्रदेश सरकार को सौंपनी है।

बता दें कि गत शनिवार को परतापुर हवाई पट्टी पर प्रदेश के नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने नागरिक उड्डयन निदेशक सुरेंद्र सिंह और एएआइ के रीजनल एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर डीके कामरा समेत सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर बैठक की। नागरिक उड्डयन निदेशक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि भारत सरकार के नियमानुसार, दिल्ली एयरपोर्ट से 150 किमी तक कोई भी नया एयरपोर्ट शुरू करने के लिए दिल्ली में एयरपोर्ट संचालन करने वाली कंपनी जीएमआर से एनओसी लेना जरूरी होता है। उसी कंपनी को पहला अवसर भी दिया जाता है।

अभी तक मेरठ में एयरपोर्ट और व्यवसायिक हवाई उड़ान के लिए जीएमआर से अनुमति नहीं मिलना सबसे बड़ी बाधा थी। अब जीएमआर का दावा खत्म हो गया है। जीएमआर ने मेरठ से उड़ान में रुचि नहीं दिखाई। सरकार यहां सबसे पहले विमान की सेवा शुरू करके इसे लखनऊ, दिल्ली आदि शहरों से जोडऩा चाहती है। यहां इसके लिए पर्याप्त जमीन है। सैद्धांतिक सहमति के लिए इसका प्रस्ताव मुख्यमंत्री के पास भेज दिया है।

Published on: