
मेरठ। प्रदेश भर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कमल संदेश यात्रा निकालकर जनता और अपने विरोधियों को संदेश दिया कि भाजपा मिशन 2019 का आगाज कर चुकी है। मेरठ में भाजपा की कमल संदेश यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान मेरठ में भाजपा कार्यकर्ता दुपहिया वाहनों पर सवार होकर हाथ में भाजपा का झंडा लेकर नारे लगाते हुए मेरठ के प्रमुख चौराहों से होकर निकले। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालकर कमल संदेश दिया। इससे विपक्षी दलों में खलबली मच गर्इ है।
यह भी देखेंः VIDEO: मेरठ में आलू के भाव में उछाल
सांसद के नेतृत्व में निकाली यात्रा
कमल संदेश बाइक रैली मेरठ-हापुड़ से भाजपा सांसद राजेन्द्र अग्रवाल के नेतृत्व में निकाली गई। यात्रा जागृति विहार एक्सटेंशन के राष्ट्रोदय चौक से शुरू हुई। यात्रा में भाग लेने के लिए मेरठ के विभिन्न स्थानों से कार्यकर्ता अपने-अपने वाहनों से राष्ट्रोदय चौक पर पहुंचना शुरू हो चुके थे। करीब छह हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता अपनी बाइक, स्कूटर और बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचे। मेरठ के प्रत्येक चौराहों पर सुबह से ही भगवा ध्वज और भाजपा की टोपी लगाए कार्यकर्ता दिखाई दे रहे थे।
चुस्त दिखी पुलिस व्यवस्था
कमल संदेश यात्रा के दौरान पुलिस व्यवस्था चुस्त दुरूस्त दिखाई दी। शहर के हर प्रमुख चौराहों पर पुलिस के जवान मुस्तैद दिखाई दिए। वहीं जाम से निपटने के लिए मेरठ ट्रैफिक पुलिस ने भी मुस्तैदी दिखाई, लेकिन इसके बाद भी कुछ स्थानों पर भारी भीड़ और जाम लोगों को झेलना पड़ा। जिस समय कमल संदेश यात्रा निकाली गई उसी समय स्कूलों की छुट्टी का भी समय था। जिसके कारण बच्चे जाम में फंसे रहे। कमल संदेश यात्रा छह किमी के दायरे में निकल कर खत्म हुई। इस दौरान भाजपा के प्रवक्ता आलोक सिसौदिया ने बताया कि कमल संदेश यात्रा के माध्यम से लोगों के बीच भाजपा का संदेश पहुंचाना था। वहीं लोगों के बीच भाजपा सरकार की उपब्धियों को भी पहुंचाना था। कमल संदेश यात्रा के दौरान भाजपाई नारे लगाते चल रहे थे।