मेरठ

मुख्यमंत्री योगी के सहारे वेस्ट यूपी में कमजोर जड़ मजबूत करने की कोशिश में भाजपा

आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खतौली और मेरठ के दौरे पर आ रहे हैं। सीएम योगी का चार माह में मेरठ का यह दूसरा और वेस्ट यूपी का सातवां दौरा है। पश्चिम क्षेत्र में भाजपा की मजबूत किलेबंदी के लिए मुख्यमंत्री योगी ने अपने दौरे बढ़ा दिए हैं।

2 min read
Nov 30, 2022
मुख्यमंत्री योगी के सहारे वेस्ट यूपी में कमजोर जड़ मजबूत करने की कोशिश में भाजपा

आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ प्रबुद्ध सम्मेलन को सम्बोधित करने पहुंच रहे हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी मई और अगस्त महीने में मेरठ का दौरा कर चुके हैं। विधानसभा 2022 का चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ में तीसरी बार आगमन होगा।


पश्विम क्षेत्र की मजबूत किलेबंदी
पहले नगर निकाय चुनाव 2022 और उसके बाद मिशन 2024 में भाजपा की पश्विम क्षेत्र की मजबूत किलेबंदी के लिए सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने पश्चिम यूपी के जिलों का दौरा बढ़ा दिए हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पश्चिमी क्षेत्र में भाजपा की कमजोर जड़ों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरों से मजबूत करने की कोशिश में हैं।

वेस्ट यूपी की 24 जिलों में भाजपा की स्थिति

2017 में वेस्ट यूपी के 24 जिलों की 126 विधानसभा सीटों में भाजपा ने 100 सीटें जीती थीं। इस बार 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 85 सीटें ही जीत सकी। इन जिलों में 27 लोकसभा सीटें हैं।2019 के लोकसभा चुनाव में इन 27 संसदीय सीटों में से बीजेपी को 19 सीटों पर जीत मिली थी जबकि 8 सीटें विपक्ष के खाते में चली गई थी।

विकास के पैमाने पर खुद को आगे दिखाने की कोशिश

मेरठ में मेजर ध्‍यानचंद खेल विश्‍वविद्यालय,नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट,गंगा एक्‍सप्रेस वे,गाजियाबाद में कैलाश मानसरोवर भवन, दिल्‍ली मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम यानी रैपिड रेल निर्माण जैसे बड़े प्रोजेक्‍ट्स से भाजपा विकास के पैमाने पर खुद को आगे द‍िखा रही है। मुख्यमंत्री योगी ने बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर वेस्ट यूपी में भाजपा की खिसकी जमीन को वापस लाने के बड़ा दांव चला है।

हर विधानसभा का विश्लेषण और व्यापक तैयारी

भाजपा ने 2017 के विधानसभा चुनाव में दंगा प्रभावित पश्चिम के जिलों में कानून व्‍यवस्‍था को मुद्दा बनाया था। उसके बाद बनी लहर से प्रदेश की सत्ता पर भाजपा काबिज हुई। 2022 में भी सरकार तो बनी लेकिन भाजपा की जड़ पश्चिम यूपी में कुछ कमजोर हुई। अब आने वाले चुनावों में भाजपा पश्चिम यूपी में कोई जोखिम नहीं लेना चाहती।

2024 की भाजपा की तैयारी

यही वजह है कि हर क्षेत्र के अंदर आने वाली हर विधानसभा क्षेत्र का व्यापक डेटा एकत्र किया जा रहा है। जातिगत समीकरण से लेकर वर्तमान विधायक को लेकर क्‍या माहौल है इसका अध्‍ययन किया जा रहा है। 2024 की तैयारी में जुटी भाजपा प्रदेश में विकास और सुरक्षा को मजबूत कर इसको हथियार बनाने की कोशिश में है। यहीं कारण है कि मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने वेस्‍ट यूपी में ताबड़तोड़ दौरे किए हैं। नोएडा से लेकर रामपुर, सहारनपुर, देबवंद, शामली, मुजफ्फरनगर,गाजियाबाद और मेरठ तक योगी आदित्‍यनाथ पहुंचे और हर जिले को करोड़ों रुपये की सौगात दीं।

Updated on:
30 Nov 2022 02:47 pm
Published on:
30 Nov 2022 09:48 am
Also Read
View All

अगली खबर