मेरठ

Janta Curfew के दौरान नहीं आयी डॉक्टर की बारात, युवक ने एक दिन पहले ही कर ली शादी

Highlights जनता कर्फ्यू के दौरान पुलिस की आपत्ति पर तारीख बढ़ाई मंडप में जा रहे डॉक्टर के परिजन और रिश्तेदारों को रोका गांव रुकनपुर में जनता कर्फ्यू से एक दिन पहले हुई शादी
2 min read
• •
Mar 23, 2020
meerut

मेरठ। जनता कर्फ्यू के दौरान मेरठ जनपद में सबकुछ थम गया था। लोग अपने-अपने घर में कैद रहे। ऐसे में उन लोगों को बड़ी दिक्कतें हुईं, जिनकी शादी 22 मार्च को होनी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनता कर्फ्यू के आह्वान के चलते शादी-ब्याह वाले घरों में दिक्कतें हुईं। मेरठ के जागृति विहार की एमबीबीएस एमडी डॉक्टर की बारात फरीदाबाद से नहीं आयी। तैयारियों और मंडप में पहुंचने से पहले ही पुलिस की आपत्ति के बाद शादी की तारीख आगे बढ़ा दी गई तो जनपद के गांव रुकनपुर में युवक ने जनता कर्फ्यू के एक दिन पहले ही शादी कर ली।

रविवार को गढ़ रोड स्थित मंडप में जागृति विहार निवासी एमबीबीएस एमडी डॉक्टर का विवाह होना था। बारात फरीदाबाद से आनी थी। डॉक्टर के परिवार के सभी सदस्य विवाह की तैयारियों में लगे थे। परिवार ने कोरोना से संबंधित सुरक्षा के प्रबंध भी किए थे। इसके लिए सैनिटाइजर और मास्क भी खरीदे गए थे। रविवार की दोपहर परिवार के लोग और रिश्तेदार गाड़ी में बैठकर मंडप जा रहे थे। जनता कर्फ्यू के दौरान पुलिस ने गाड़ी रोककर इनसे पूछताछ शुरू की। पुलिस ने विवाह समेत सामूहिक आयोजनों पर आपत्ति जताई और मेडिकल इमरजेंसी के बारे में बताया गया।

इसके बाद डॉक्टर के पिता ने फोन पर दूल्हे पक्ष से बात की। करीब दो बजे दोनों पक्षों में सहमति बन गई कि विवाह के लिए नई तिथि निश्चित की जाएगी। इसके बाद डॉक्टर की बारात नहीं आयी। डॉक्टर के परिजन और रिश्तेदार वापस लौट आए और रिश्तेदारों को इसकी सूचना दी।

एक दिन पहले शादी

प्रधानमंत्री के जनता कर्फ्यू के आह्वान पर 22 मार्च को एक युवक ऐसा भी था जिसकी शादी रविवार को होनी थी। गांव रुकनपुर निवासी गोविंद की शादी 22 मार्च की तय हुई थी, लेेकिन उसने स्थिति को भांपते हुए 21 मार्च को ही शादी कर ली। इसके अलावा 22 मार्च को अन्य शादियां भी होनी थी, जिन्हें आगे के लिए खिसका दिया गया।

Published on:
23 Mar 2020 01:09 pm