
मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला (फोटो IANS)
Blue Drum Murder Case Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड (ब्लूम ड्रम मर्डर केस) में अदालत ने ऐतिहासिक और कड़ा फैसला सुनाया है। पति सौरभ की निर्मम हत्या की दोषी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को कोर्ट ने मौत की सजा (फांसी) सुनाई है। अदालत के इस फैसले के बाद जहां पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है, वहीं सजा सुनते ही दोषियों के होश उड़ गए।
सजा का ऐलान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए किया गया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि कोर्ट में पेशी के दौरान वह खुद वीसी रूम में मौजूद थे। उन्होंने अंदर का आंखों देखा हाल बताते हुए कहा कि अदालत ने मुस्कान और साहिल दोनों को मौत की सजा सुनाई है। मेरा मानना है कि उन दोनों में से किसी को भी मृत्युदंड की उम्मीद नहीं थी। वे शायद उम्रकैद की सजा की उम्मीद कर रहे थे। जैसे ही जज ने सजा-ए-मौत का फरमान सुनाया, दोनों दोषियों के चेहरे का रंग उड़ गया और रूम में सन्नाटा पसर गया।
अदालत के इस फैसले पर मृतक सौरभ राजपूत की मां रेनू देवी ने गहरा संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बेहद भावुक होकर कहा कि हमारे लिए यह बहुत बड़ी राहत है कि दोनों को फांसी की सजा दी गई है। हम बहुत खुश हैं, हमारा पूरा परिवार, देश और दुनिया खुश है कि उन्हें मृत्युदंड मिला है। हमने अपनी पहली लड़ाई जीत ली है। अगर वे इस मामले को ऊपरी अदालत में भी ले जाएंगे, तो हम दूसरी और तीसरी लड़ाई भी जीतेंगे। सच को न्याय मिलना ही चाहिए।
इस हाई-प्रोफाइल केस में आई त्वरित सजा पर प्रतिक्रिया देते हुए लखनऊ में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने उत्तर प्रदेश सरकार की मुस्तैदी और कानून-व्यवस्था की तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में जांच के बाद बेहद कम समय सीमा के भीतर ट्रायल पूरा किया गया और उत्तर प्रदेश सरकार ने सजा दिलाना सुनिश्चित किया। यह बदलता हुआ उत्तर प्रदेश है, जहां अपराधियों के लिए 'जीरो टॉलरेंस' (शून्य सहनशीलता) की नीति है। अगर यूपी के क्षेत्राधिकार में कोई अपराध होता है, तो यूपी पुलिस उसे अंजाम तक पहुंचाना सुनिश्चित करेगी।
गौरतलब है कि मेरठ में हुई सौरभ की हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था और शव को एक नीले ड्रम में छिपा दिया था। त्वरित पुलिस जांच और मजबूत साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने महज कुछ ही समय में सुनवाई पूरी कर दोनों को फांसी की सजा तक पहुंचाया, जिससे समाज में अपराधियों के खिलाफ एक कड़ा संदेश गया है।
Updated on:
14 Oct 2026 10:03 pm
Published on:
14 Oct 2026 09:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
