Meerut Weather Report Today देर रात आई तेज आंधी के बीच दिल्ली—देहरादून हाइवे पर भीषण जाम लग गया। जिसमें लोगों को कई घंटे जाम में फंसे रहना पड़ा। मेरठ के सिवाया टोल के पास शुरू हुआ जाम पांच किलोमीटर सकौती तक पहुंच गया। देर रात दो बजे तक जाम में फंसे यात्री बिलबिलाते रहे। जाम का कारण आंधी के चलते पेड़ का टूटकर गिरना बताया जा रहा है। कई जगहों पर पेड़ गिरने से वाहन उसकी चपेट में आने से बच गए।
Meerut Weather Report Today गर्मी के बीच शनिवार को देर रात आई आंधी से मौसम में बदलाव आ गया। मेरठ में आयी आंधी के चलते हाइवे पर यातायात पूरी तरह से चरमरा गया। इस समय चार धाम यात्रा के चलते दिल्ली देहरादून हाइवे,दिल्ली ऋषिकेश हाइवे पर वाहनों का भारी दबाव है। जिसके चलते जरा सी अव्यवस्था होने पर भयंकर जाम लग जाता है। शनिवार की रात भी यही हुआ। रात 10 बजे अचानक मौसम बदला और तेज आंधी शुरू हो गई। शहर में आंधी हल्की रही लेकिन, देहात में तेज आंधी के साथ बारिश हुई।
दिल्ली देहरादून हाईवे पर एक बड़ा पेड़ टूट कर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से कार सवार बाल-बाल बच गए। इस दौरान हाईवे पर जाम लगना शुरू हो गया। जाम सिवाया टोल प्लाजा से लगना शुरू हुआ और पांच किलोमीटर दूर सकौती तक पहुंच गया। पांच किलोमीटर से भी अधिक लंबे जाम में यात्री फंसे रहे।
आंधी की रफ्तार करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे थी, जिस कारण धूल भरी आंधी में लोग परेशान हो गए। आंधी तेज रफ्तार से चली तो हाईवे पर होर्डिंग और बैनर भी उड़ गए। इस बीच सकौती के पास नगली गेट के निकट एक बड़ा पेड़ अचानक टूट कर हाईवे पर गिर गया। हाईवे पर पेड़ गिरने के दौरान दिल्ली निवासी कार सवार बाल-बाल बच गए। इसके बाद हाईवे पर जाम लग गया। वहीं जाम धीरे-धीरे बढ़ता चला गया।
इस दौरान जाम में फंसे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। उधर, सूचना मिलते ही टोल प्लाजा कर्मी और दौराला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन, जाम बहुत लंबा था। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर शनिवार और रविवार को वाहनों की संख्या बढ़ जाती है। सैलानी उत्तराखंड, हिमाचल की ओर जाते हैं। लेकिन शनिवार रात में अचानक आई तेज आंधी और बारिश ने यात्रियों की रफ्तार को रोक दिया। सिवाया टोल प्लाजा से लेकर सकौती तक कई जगहों पर पेड़ टूटने के कारण वाहन फंस गए और लंबा जाम लग गया।