
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कोहरे की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिक डा0 एन सुभाष के मुताबिक आने वाले दिनों में अब कोहरे से ठंड बढ़ेगी। इससे वाहन चालकों की मुश्किलें भी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि आगामी सोमवार 5 दिसंबर से कोहरा का अलर्ट जारी होगा।
राजधानी लखनऊ में तापमान में कमी दर्ज की जा रही है। इसी के साथ पश्चिम यूपी के जिलों में प्रदूषण का खतरा ठंड में तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 4 से 5 दिनों के भीतर यूपी और में न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच जा सकता है।
आज 3 दिसंबर शनिवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया है। आज यूपी के कुछ जिलों में कोहरा भी छाया हुआ है। राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में मौसम साफ है लेकिन धूप काफी हल्की निकली है। पश्चिमी यूपी में तापमान गिरने के साथ धुंध और प्रदूषण का असर बढ़ रहा है। लखनऊ में आज शनिवार को न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया है। गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री है। मेरठ में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री रिकार्ड किया गया।