मेरठ में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने ब्लैक फिल्म और जातिसूचक शब्दो वाले वाहनों पर कार्रवाई की है। ये अभियान जनपद में बड़े स्तर पर चलाया गया।
मेरठ में आज ट्रैफिक पुलिस ने शहर से लेकर देहात तक अभियान चलाया। इस अभियान के तहत गाड़ियों में लगी काली फिल्म और जातिसूचक शब्दों को हटाया गया।
अभियान ग्रामीण थाना क्षेत्रों के अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में चलाया गया। पुलिस ने चेकिंग के दौरान कार पर लगी काली फिल्म और वाहनों पर लिखे जातिसूचक शब्दों को हटाया। इसके साथ ही पुलिस द्वारा कई स्थानों पर वाहनों के चालान काटे गए।
लोगों में अभियान से मचा हड़कंप
एक साथ कई थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया तो वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस के इस अभियान से सड़कों पर चलने वाले लोग इधर-उधर अपने वाहनों को दौड़ते नजर आए।
अभियान के तहत सड़कों पर सघन चेकिंग भी की गई। अभियान को सीओ मवाना आशीष शर्मा ने विभिन्न स्थानों पर पहुंच कर चेक किया। इसके साथ उन्होंने वाहनों पर लगी काली फिल्म व जातिसूचक शब्दों को हटवाने के सख्त निर्देश दिए।
खरखौदा में भी चला अभियान
खरखौदा में पुलिस ने दो घंटे चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सौ से अधिक गाड़ियों पर लगी काली फिल्म उतारी।
अधिकांश गाड़ियों पर जाट और गुर्जर शब्द लिखे थे। उनको भी हटाया और चालान किया गया। वहीं कई को जुर्माना भरना पड़ा तो कई वाहन चालक खुद ही अपनी गाड़ियों से जाट, गुर्जर, पंडित और जय भीम लिखे स्टीकर हटाते दिखाई दिए।