आरोपी सिपाही महिला के होने वाले पति को भी भेज रहा ये मैसेज, एसएसपी ने जांच बिठार्इ
मेरठ। योगीराज में आम महिलाओं की आबरू तो महफूज है नहीं, अब जो महिलाएं खाकी में हैं वे भी अब प्रताड़ना का शिकार हो रही हैं। एक महिला कांस्टेबल ने अपने ही महकमे के एक सिपाही पर ऐसा आरोप लगाया कि मेरठ एसएसपी भी सुनकर दंग रह गए। मेरठ एसएसपी ने महिला कांस्टेबल के आरोपों की जांच के निर्देश दिए हैं। जिस पुलिसकर्मी के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं, वह मेरठ के ही थाने में तैनात है और महिला नोएडा में तैनात है। महिला कांस्टेबल ने मेरठ में तैनात इस सिपाही पर अश्लील मैसेज भेजने का आरोप लगाया है। महिला कांस्टेबल का आरोप है कि सिपाही की मैसेज भेजने वाली हरकतों के कारण अब उसकी शादी भी टूटने के कगार पर पहुंच गई है।
मेरठ में तैनात है आरोपी सिपाही
महिला कांस्टेबल ने मेरठ में तैनात एक कांस्टेबल पर आपत्तिजनक मैसेज भेजने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि सिपाही प्रतिदिन उसको रात में मैसेज भेजता है। ये मैसेज अश्लील होते हैं। जिन्हें पढ़ने या देखने में भी शर्म आती है। महिला कांस्टेबल ने एसएसपी को बताया कि उसने खुद सिपाही से ऐसा न करने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं मानता। सिपाही की इन्हीं हरकतों के कारण उसकी शादी टूटने के कगार पर पहुंच चुकी है। महिला कांस्टेबल ने आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने इसकी जांच एसपी ट्रैफिक को करने को दी है।
छह माह पूर्व शादी तय हुर्इ थी आरोपी से
नोएडा में तैनात महिला कांस्टेबल दोपहर एसएसपी से मिली। महिला कांस्टेबल के अनुसार आरोपी सिपाही से करीब छह माह पूर्व उसकी शादी तय हुई थी, लेकिन सिपाही का चाल-चलन ठीक न होने के कारण उसका रिश्ता टूट गया था। जिसके बाद उसके परिजनों ने दूसरा रिश्ता कर दिया। आरोपी सिपाही अब भी उसको अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करता है। महिला का कहना है कि रिश्ता होने के दौरान वे दोनों एक-दूसरे से बात करते थे। सिपाही रिश्ता टूटने के बाद भी फोन करता है मिस काल मारता है। बात करने के लिए विवश करता है।
होने वाले पति को भी भेज रहा मैसेज
महिला ने कहा कि वह यह मैसेज उसके अलावा उसके होने वाले पति को भी भेजता है। सिपाही की इस तरह की हरकतों से वह मानसिक रूप से बहुत परेशान है। एसएसपी ने इस प्रकरण में एसपी ट्रैफिक से जांच कराने के निर्देश दिए। एसएसपी अखिलेश कुमार का कहना है कि सिपाही के खिलाफ जांच बेठा दी गई है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।