
Weather Update: रातें सर्द होने लगी है और सुबह के समय ठंडी हवाओं के झोकों ने मौसम को रूमानी बना दिया है। इस समय पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित एनसीआर का मौसम काफी सुहाना है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो आने वाले दिनों में कोहरे में इजाफा होगा और गलन की वजह से लोगों को ठंड का पर्याप्त असर होगा।
बंद हुए पंखे, कूलर और एसी
मौसम का रुख बदलने के साथ ही वातावरण में ठंड का असर अब लोगों पर दिखाई देने लगा है। घरों में कूलर और पंखे बंद होने लगे हैं तो दूसरी ओर ठंड चादर से लेकर अब रजाई की ओर बढ़ चली है। ऐसे में वातावरण का रुख भांप कर घरों और कार्यालयों में एसी भी बंद हो चुकी है। मंगलवार की सुबह आसमान साफ रहा और सुबह हल्की गलन भी महसूस हुई। ठंडी हवाओं का रुख बना रहने से सुबह लोगों को ठंड की दस्तक का अहसास होने लगा है।
कोहरे के लिए रहिए तैयार
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष ने बताया कि अब कोहरे का दौर शुरू होने के साथ ठंड का व्यापक असर नजर आने लगेगा। उन्होंने बताया कि बारिश की संभावनाओं को नकारा जाना ही बेहतर होगा। उन्होंने आगे बताया कि हिमालय से पश्चिमी विक्षोभ का एक असर उत्तर भारत में असर करने वाला है। लेकिन इससे बारिश के आसार न के बराबर है।
सर्द हो चली हैं रातें
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य के बराबर कहा जा सकता है। न्यूानतम तापमान इस समय 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया यह एक डिग्री कम है। आर्द्रता अधिकतम 70 फीसद और न्यूनतम 46 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर में पूरे सप्ताह मौसम विभाग ने आसमान साफ बने रहने की उम्मीद जताई है। माना जा रहा है कि अब कोहरा पड़ने की शुरूआत हो रही है। रात का तापमान भी अब कम होने लगा है। इसकी वजह से रातें भी सर्द हो चली हैं।