
मेरठ की बेटी परूनिका सिसोदिया ने Womens IPL में जगह बनाकर यूपी समेत अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। अब परूनिका Gujarat Giants की टीम की ओर से Womens IPL में खेलती हुई देखेंगी। Gujarat Giants टीम की तरफ से उन्हें ₹10 लाख के बेस प्राइस पर शामिल किया गया है।
गेंदबाज के रूप में दिखेंगी परूनिका
परूनिका दिल्ली के भारत नेशनल पब्लिक स्कूल में 11वीं क्लास में पढ़ रही हैं। 17 साल की उम्र से पहले उनका चयन Womens IPL में हो गया है। इससे पहले भी कुछ टूर्नामेंटों में वह अपना हुनर दिखा चुकी हैं। गेंदबाज के रूप में परूनिका महिला IPL में अपनी प्रतिभा दिखाती हुई नजर आएंगी। चयन होने के बाद मेरठ में परूनिका के कोच समेत परिवार और खेलप्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है।
14 साल की उम्र में स्टेट अंडर-19 में हुआ था चयन
परूनिका के कोच अहतर अली ने बताया, “परूनिका उनके यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं। 14 साल की उम्र में ही दिल्ली की ओर से स्टेट अंडर-19 दिल्ली टीम में परूनिका का चयन हुआ था। परूनिका ने यहां 17 विकेट लेकर देश के गेंदबाजों के बीच 8वां स्थान प्राप्त किया।”
कोच ने आगे बताया, “परूनिका साल 21-22 में अंडर-19 और सीनियर टीम में चयनित हुईं। जहां सीनियर टीम में 14 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं साल 22-23 में 11 विकेट लेकर अंडर-19 इंडिया-बी टीम में उनका चयन हुआ।”
परूनिका के दादा SSB इंटर कॉलेज मुरलीपुर में प्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं। उनके पिता सुधीर सिंह क्रिकेट खिलाड़ी रह चुके हैं। परिवार के लोगों ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद की है। परूनिका का परिवार दिल्ली में ही रहता है। वर्तमान में सीनियर वन-डे जोनल टूर्नामेंट में नॉर्थ जोन की टीम की ओर से परूनिका हैदराबाद में खेल रही हैं।