UP Polotics: मेरठ जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने 2027 यूपी विधानसभा चुनाव का संकेत देते हुए कांग्रेस और सपा पर हमला बोला।
PM Modi Targeted Congress, UP Assembly Elections 2027: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 12,930 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया व भारत के पहले नमो भारत RRTS और संपूर्ण दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर देश को समर्पित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैने कुछ देर पहले मेरठ मेट्रो में सफर किया, इस दौरान मेरी स्कूल, कॉलेज के कई युवाओं से बातचीत हुई। सबका यही कहना था कि इतने शानदार दिनों की कल्पना उन्होंने नहीं की थी, वे उन पुराने दिनों को याद कर रहे थे जब शाम होते ही पूरे रूट में सन्नाटा छा जाता था। यहां डर और भय का माहौल होता था। अब एक तरफ कानून-व्यवस्था भी सुधरी है और दूसरी तरफ, लोगों को सुविधापूर्ण और सुरक्षित यात्रा का भी माध्यम मिला है।
नमो भारत मेट्रो के लोकार्पण के साथ ही पीएम मोदी ने यूपी विधानसभा चुनाव का बिगुल भी फूंक दिया। उन्होंने कहा कि हर बार चुनाव से पहले मैं मेरठ से चुनावी रैलियों की शुरुआत करता हूं। इस बार भी मैं यहीं से यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की शुरुआत कर रहा हूं। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत में मेट्रो का विस्तार बहुत धीमी गति से हो रहा था। कांग्रेस के शासन में देश के सिर्फ 5 शहरों में ही मेट्रो चल पाई जबकि आज भाजपा सरकार में देश के 25 से ज्यादा शहरों में मेट्रो चलने लगी है। आज भारत मेट्रो के मामले में दुनिया का तीसरा बड़ा नेटवर्क बन चुका है।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी की जब दिल्ली में सरकार थी तब यह सब संभव ही नहीं था क्योंकि तब इंफ्रास्ट्रक्चर की परियोजनाएं घोटालों में ही गुम हो जाती थी। मेट्रो जैसी और उससे जुड़ी अधिकतर तकनीक भी हमें विदेशों से आयात करनी पड़ती थी। हमने घोटाले भी बंद किए और देश को आत्मनिर्भरता के रास्ते पर भी आगे बढ़ाया…"
नरेंद्र मोदी ने मेरठ की जनसभा में सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वे “जहरीली राजनीति” छोड़कर विकास के मुद्दे पर मुकाबला करें। उन्होंने कहा कि 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों की शुरुआत उन्होंने मेरठ से की थी और यहां के किसानों, उद्यमियों, कारीगरों व दुकानदारों ने हमेशा उन्हें आशीर्वाद दिया। पीएम ने कहा कि विपक्ष ने अपनी राजनीति नहीं बदली, जबकि भाजपा ने विकास को सर्वोपरि रखा। उन्होंने मेरठ मेट्रो को विकास नीति का उदाहरण बताया।