
मेरठ। सीएम योगी आदित्यनाथ भले ही जिले में कोरोना को लेकर की गई तैयारियेां की समीक्षा के लिए नहीं आ पाए हों, लेकिन उन्होंने प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा डा. रजनीश दुबे को मंडल की समीक्षा और कोरोना संक्रमण को रोकने की तैयारियों के बारे में जानकारी के लिए भेजा है। मेरठ पहुंचे प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा डा. रजनीश दुबे ने पहले कमिश्नरी सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक में कोरोना के नियंत्रण और संक्रमण को रोकने की तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में क्वारंटाइन किए गए कोरोना के संदिग्ध मरीजों को समय से भोजन व अन्य सुविधाएं के बारे में जानकारी ली। वह मंडल में बढ रहे कोरोना संक्रमण को रोकने के जिला प्रशासन के प्रयासों की जानकारी भी मुख्यालय को देते रहे।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से कहा कि घर में क्वारंटाइन करके रखे गए लोगों की लगातार निगरानी की जाए, जिससे उनके माध्यम से संक्रमण अन्य लोगों में न फैल सके। प्रमुख सचिव ने बैठक में कहा कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाए। लोग घर से न निकलें, इसके लिए उनकी जरूरत की सभी सामग्री उन्हें घर पर ही डिलीवर करने का पुख्ता इंतजाम किया जाए। उन्हें समझाया जाए कि लॉकडाउन उन्हें सुरक्षित रखने के लिए ही किया गया है। सरकार की घोषणा के मुताबिक श्रमिकों और गरीबों को निशुल्क राशन वितरण सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज में कोई लापरवाही न हो। मरीजों से चिकित्सक और स्टाफ अच्छा व्यवहार करें। आमजन से उन्होंने स्वच्छता की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग घर से बाहर न निकलें। शारीरिक दूरी का खयाल रखें। हाथों को बार-बार साबुन से धोते रहें। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक रसोई का भी निरीक्षण किया। बता दे कि स्पोर्ट्स स्टेडियम में कम्युनिटी किचन बनाई गई है। जिसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं खाना बना रही हैं।