Highlights उत्तरी भारत के मैदानी इलाकों में फिर बारिश के संकेत बारिश के बाद वेस्ट यूपी में तापमान 31 डिग्री तक बढ़ेगा होने वाली बारिश से सब्जी की खेती को पहुंचेगा नुकसान
मेरठ। हिमालय के पहाड़ी क्षेत्रों में नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) फिर सक्रिय हो रहा है। इससे अगले दो दिन बाद उत्तर क्षेत्र के मैदानी इलाकों में फिर बारिश के आसार बन रहे हैं। इस बारिश (Rain) के दौरान हालांकि तापमान में गिरावट दर्ज होगी, लेकिन इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होती जाएगी और फरवरी के आखिर तक तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
पिछले 48 घंटे मे पश्चिमकी विक्षोभ के सक्रिय होने से वेस्ट यूपी, दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट बदली और कई जगहों पर बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि भी हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश के कारण दिन का तापमान 23 डिग्री तक पहुंच गया था। बारिश व ओलावृष्टि के बाद 16 डिग्री पहुंच गया। इससे ठिठुरन बढ़ गई। शुक्रवार को वेस्ट यूपी, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में रुक-रुककर बारिश होती रही। कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई। इसके कारण गेहूं, सरसों व जैई की फसल को नुकसान पहुंचा। गन्ने की कटाई भी प्रभावित हुई। इस बारिश से सब्जी की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। मेरठ और आसपास 9.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
अब दो दिन बाद फिर से मौसम में बदलाव होने जा रहा है। शनिवार और रविवार को मौसम साफ रहेगा, लेकिन इसके बाद फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। मौसम वैज्ञानिक डा. एन. सुभाष का कहना है कि मौसम में परिवर्तन देखा जा रहा है। 23 फरवरी से फिर बारिश की संभावना बन रही है। दो-तीन दिन आसमान में बादल रहने के बाद फरवरी के आखिर तक मौसम साफ हो जाएगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी। दिन का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
फरवरी के शेष दिनों में ऐसा रहेगा मौसम
तारीख- अधिकतम व न्यूनतम तापमान- मौसम
22 फरवरी- 26-15 डिग्री- धूप
23 फरवरी- 26-14 डिग्री- बौछारें
24 फरवरी- 28-15 डिग्री- धुंधला
25 फरवरी- 27-14 डिग्री- धूप
26 फरवरी- 31-15 डिग्री- बादल
27 फरवरी- 31-17 डिग्री- बादल
28 फरवरी- 31-18 डिग्री- धूप
29 फरवरी- 30-16 डिग्री- धूप