मेरठ

प्रदेश में महिलाआें के उत्पीड़न को लेकर जागी योगी सरकार, जारी किया यह WhatsApp Number

महिला आयोग की सदस्य करेंगी जनपदों में भ्रमण, वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी लेंगी
2 min read
Nov 01, 2018
meerut
प्रदेश में महिलाआें के उत्पीड़न को लेकर जागी योगी सरकार, जारी किया यह WhatsApp Number

मेरठ। भाजपा सरकार बनने के बाद माना जा रहा था कि महिलाओं के उत्पीड़न के मामले में कमी आएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उल्टे महिलाओं पर अत्याचार के मामले और बढ़ गए। सरकार ने महिला आयोग की सदस्यों को जिलों के भ्रमण और वहां पर महिला उत्पीड़न संबंधी शिकायतों की क्या स्थिति है, इसकी पड़ताल करने को कहा है। महिला आयोग की सदस्य जिलों में जाकर अब महिला उत्पीड़न के निपटाने के मामले में कितनी तेजी आई है यह भी जांचेगी। वहीं महिला आयोग का एक वाट्स एेप नंबर भी जारी किया गया है। जिसमें शिकायत वाट्स एेप के माध्यम से भी की जा सकेगी। यह वाट्स एेप नंबर है 06306511708, जिसमें कोई भी महिला अपनी शिकायत कर सकती है।

सदस्य ने महिला प्रकरणों की सुनवाई की

महिला उत्पीड़न सम्बंधी मामलों के निस्तारण के लिए गुरुवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या राखी त्यागी ने जनपद में महिला प्रकरणों की जनसुनवाई की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि वह महिलाओं के उत्पीड़न सम्बंधी मामलों को गम्भीरता से लेकर उसका समयबद्ध निस्तारण करें, इन मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई में आज महिला उत्पीड़न के 15 प्रकरणों को सुना गया। जिसके निस्तारण के लिए सम्बंधित को निर्देश दिये। सर्किट हाउस सभागार में जनसुनवाई करते हुए सदस्या राखी त्यागी ने उक्त निर्देश दिये। उन्होंने महिलाओं से कहा कि भारतीय संविधान में उनको पुरूषों के बराबर अधिकर मिले हैं, इसलिए वह अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों व उनका सदुपयोग कर भावनात्मक रूप से मजबूत बनें।

15 मामलों में कार्रवार्इ के निर्देश दिए

जन सुनवाई में सदस्य ने महिला उत्पीड़न सम्बंधी 15 प्रकरणों को गम्भीरता से सुना और संबंधित अधिकारी से मौके पर प्रकरण की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा महिला उत्पीड़न सम्बंधी मामलों को जानने तथा उसके त्वरित निस्तारण के लिए एक वाट्स एेप नम्बर 06306511708 जारी किया, जिस पर कोई भी पीड़ित महिला अपनी आईडी सहित समस्या को शनिवार व रविवार को छोड़कर किसी भी कार्यदिवस में प्रातः 10 बजे से 05 बजे तक अपनी समस्या भेज सकती है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा महिलाओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु 181 तथा 1090 हेल्पलाइन संचालित की है।

Published on:
01 Nov 2018 07:18 pm