
मेरठ। मेरठ जिले के सदर थाने में सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां पर एक युवती ने धर्म परिवर्तन कर दूसरे धर्म के युवक से शादी कर ली। खास बात यह है कि उसके परिजनों ने युवती के अपहरण का मामला सदर थाने में दर्ज कराया था। मामला तब खुला जब पुलिस ने युवती को भैंसाली बस स्टैंड से पकड़ लिया।
युवती ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसने अपना धर्म परिवर्तन कर शादी कर ली है। जो युवती धर्म परिवर्तन के बाद शादी कर अपने पति के साथ रह रही थी, उसका पुलिस अपहरण मानकर चल रही थी और तेजी से तलाश कर रही थी। लड़की के बरामद होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। बताते चलें कि रजबन बाजार निवासी व्यक्ति ने बीती 6 मार्च को अपनी बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद से पुलिस युवती को तलाश कर रही थी। पुलिस ने युवती को भैंसाली बस अड्डे से बरामद कर लिया।
रजबन बाजार निवासी दूसरे समुदाय की 19 वर्षीय युवती का सदर बाजार क्षेत्र निवासी जतिन तोमर से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस दौरान युवती के परिजनों को पता चला तो उन्होंने युवती के घर से निकलने पर रोक लगा दी। बीती छह मार्च की सुबह युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई। परिजनों को जब पता चला तो उन्होंने सदर बाजार थाने में अपहरण का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और आरोपी युवक पर अपहरण का केस दर्ज करा दिया। मामला अलग-अलग समुदाय का होने के बाद दोनों के परिजन आमने-सामने आ गए थे। एसओ सदर बाजार विजय गुप्ता ने बताया की युवती को रोडवेज बस अड्डे से बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि युवती बालिग है और उसने शादी अपनी मर्जी से की है।