
नई दिल्ली। बिहार के राज्यसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के सुशील कुमार मोदी निर्विरोध चुन लिया गया। बता दें कि बिहार में राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव में बीते गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया खत्म हुई। राज्यसभा के लिए निर्विरोध सुशील कुमार मोदी का पहले ही राज्यसभा के लिए चुना जाना तय माना जा रहा था।
सुशील कुमार मोदी के खिलाफ विपक्ष ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था। एक निर्दलीय प्रत्याशी श्याम नंदन प्रसाद ने बीते बुधवार को नामांकन दाखिल किया था। हालांकि नामांकन के लिए जरूरी दस विधायकों का साथ उन्होंने नहीं दिया था। ऐसे में सुशील कुमार मोदी को राज्यसभा में पहुंचने लिए किसी तरह की बाधा नहीं उत्पन्न हुई।
आपको बता दें कि यह सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन के कारण खाली हुई थी। चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार इस सीट के लिए 14 दिसंबर को वोटिंग होनी थी। बीते शुक्रवार को पर्चों की जांच का काम होना था। चुनाव आयोग ने सोमवार को सुशील मोदी को इसका प्रमाणपत्र सौंप दिया।
चारों सदन के सदस्य
बिहार भाजपा के इतिहास में सुशील कुमार मोदी चारों सदन का सदस्य बनने वाले एकमात्र नेता बन चुके हैं। सुशील कुमार मोदी वर्ष 1990 में पहली बार विधानसभा के सदस्य बने थे। इसके बाद साल 2004 में भागलपुर से लोकसभा सांसद भी बने। 2005 से अब तक वह बिहार विधान परिषद के सदस्य रहे हैं। अब वे राज्यसभा सांसद बन गए हैं।