विविध भारत

‘चेतावनी के बाद जनधन खातों में धनराशि जमा होने के मामले घटे’

आठ नवंबर से दो दिसंबर तक इस पूरी अवधि में जनधन खातों में प्रति खाता औसत जमा धनराशि 13,113 रुपये रही।
less than 1 minute read
• •
Updated: 8 Dec 2016, 12:48 PM IST
2000 crore deposited in Jan Dhan account 1
2000 crore deposited in Jan Dhan account 1
नई दिल्ली। केंद्र सरकार का कहना है कि काले धन को सफेद बनाने के लिए जनधन खातों का दुरुपयोग नहीं किए जाने को लेकर आयकर विभाग की चेतावनी के बाद इस तरह के खातों में धनराशि जमा होने के मामले घटे हैं।

चेतावनी के बाद आई गिरावट
केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि पिछले कुछ सप्ताह में इन खातों में नकदी जमा होने के मामलों में गिरावट आई है, जबकि आठ नवंबर को सरकार के नोटबंदी के फैसले के बाद इन खातों में धनराशि जमा करने की रफ्तार बढ़ गई थी।

अन्य लोग काले धन को सफेद करने के लिए कर रहे थे जन-धन खातों का इस्तेमाल
जारी बयान में अधिकारी ने कहा कि जब से सरकार ने लोगों को खातों विशेष रूप से जनधन खातों में अन्य लोगों के काले धन को सफेद करने के लिए इस्तेमाल नहीं होने देने को कहा है। तब से जन धन खातों में धनराशि जमा करने के मामले घटे हैं।

गौरतलब है कि आठ नवंबर से दो दिसंबर तक इस पूरी अवधि में जनधन खातों में प्रति खाता औसत जमा धनराशि 13,113 रुपये रही।

लगातार घट रही जन-धन खातों में जमा होनेवाली राशि

आठ नवंबर से 15 नवंबर के दौरान कुल जमा धनराशि 20,206 करोड़ रुपये रही, जबकि 16 से 22 नवंबर के दौरान लोगों ने इन खातों में 11,347 करोड़ रुपये जमा कराए। हालांकि, 23 से 30 नवंबर के दौरान यह धनराशि घटकर 4,867 करोड़ रुपये रह गई। एक दिसंबर को जनधन खातों में कुल जमा धनराशि 410 करोड़ रुपये रही और दो दिसंबर को 389 करोड़ रुपये रही।
Published on: