विविध भारत

लेडी सुपरकॉप: पहले थीं फैशन डिजाइनर, अब फिल्मी स्टाइल में मारती हैं छापा, कांपते हैं अपराधी

मंजिता सुरक्षासहाय नाम के प्रोजेक्ट को लीड करती हैं
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2017, 10:16 AM IST
 Manjita Vanzara

नई दिल्ली। गुजरात की सुपरकॉप मंजिता वंजारा आज कल चर्चा में हैं। अहमदाबाद की एसीपी मंजिता के काम करने का तरीका काफी अलग है। एक बार तो वह जुआरियों को रंगेहाथ पकड़ने के लिए बुर्का पहनकर उनके अड्डे पर जा पहुँचीं। बड़ी बात यह है कि पुलिस में आने से पहले मंजिता ने इंजीनियरिंग और इंग्लिश लिटरेचर की पढ़ाई की। क्लासिकल डांस में उन्होंने अपनी छाप छोड़ी है। फिर फैशन डिजाइनर भी बनीं। आइए हम बताते हैं एसीपी मंजिता वंजारा के बारे में कुछ दिलचस्प बातें...

मंजिता गुजरात के पूर्व आईपीएस डीजी वंजारा की भतीजी हैं। डीजी वंजारा इशरतजहां फर्जी एनकाउंटर के कारण चर्चा में रहे थे। मंजीता कहती हैं कि उनके लिए देश और समाज सबसे पहले आता है। वह भरतनाट्यम और कुचीपुड़ी डांसर भी हैं। मंजिता का पूरा परिवार आईएएस और आईपीएस से भरा हुआ है। हालांकि, उन्होंने परिवार के दबाव में नहीं, बल्कि समाज में कुछ अच्छा करने की चाहत से सिविल सेवा को चुना। आज वे F-डिवीज़न की असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर बनने वाली पहली महिला हैं।

उन्होंने साल 2011 में सिविल सेवा की परीक्षा पास की थी और साल 2013 में एसीपी बनीं। उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी, गांधीनगर (NIFT) से ग्रेजुएशन किया। फैशन डिजाइनर बनने से पहले उन्होंने इंजीनियरिंग का पढ़ाई की थी। पोस्ट ग्रेजुएशन में उन्हें गोल्ड भी मेडल मिला। उन्होंने अंग्रेजी साहित्य में एमए और एमएड किया, फिर गांधीनगर के बीएड कॉलेज में प्रोफेसर भी रहीं। मंजिता सुरक्षासहाय नाम के प्रोजेक्ट को लीड करती हैं, जिसके तहत घर में अवैध देशी शराब बनाने या अन्य छोटे मोटे अपराधों में लिप्त महिलाओं का पुनर्वास किया जाता है। मंजिता के प्रयासों से कई महिलाओं को पुनर्वास करने में मदद मिली है।

अप्रैल 2017 में इस लेडी सिंघम ने बुर्का पहनकर छापा मारा था और 28 जुआरियों को पकड़ा था। मंजिता की इस फिल्मी स्टाइल छापामारी की देशभर में खूब चर्चा हुई थी। मंजिता कई सेक्स रैकेट के खुलासे के लिए रेड मार चुकी हैं। अप्रैल 2016 में ही मंजीता की शादी हुई थी। उनके पति कर्नाटक में बेल्लारी के रहने वाले राजेंद्र नायक हैं, जो फिलहाल दोहा में प्रोफेशनल इंजीनियर हैं। शादी में कई नामी हस्तियां शामिल हुई थीं। डीजी वंजारा ने कन्यादान किया था।

Updated on:
25 Nov 2017, 10:16 AM IST
Published on: