
नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज ( weather update ) तेजी से बदल रहा है। देश के पहाड़ी राज्यों में पिछले कुछ दिनों से बर्फबारी ( Snowfall )का दौर भी जारी है। यही वजह है कि मैदानी इलाकों में सर्दी का सितम भी तेजी से बढ़ रहा है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ( IMD ) ने देश के कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पहाड़ों पर हो रहे हिमपात चलते उत्तर भारत में सर्द हवाओं का असर भी तेजी से बढ़ रहा है। आईएमडी इससे पहले इस वर्ष दिसंबर महीने में कड़ाके की सर्दी का अलर्ट जारी कर चुका है। खास तौर पर राजधानी दिल्ली में पिछले एक दशक का रिकॉर्ड टूटन की भी संभावना बनी हुई है।
इस वजह से बन रहे बारिश के आसार
दरअसल बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इस कम दबाव के क्षेत्र के सोमवार और मंगलवार के दर्मियान गहरे दबाव क्षेत्र में तब्दील होने के आसार हैं, ऐसे में देश के दक्षिण राज्यों में तटीय इलाकों पर मध्यम बारिश होने की संभावना बना हुई है।
4 दिन 4 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार से लेकर चार दिनों तक देश के चार राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और आंध्र प्रदेश के तटीय हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने के आसार बने हुए हैं।
आईएमडी के मुताबिक दक्षिण अंडमान सागर और दक्षिणपूर्वी बंगाल की खाड़ी से सटे इलाकों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके गहरे दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील होने का अनुमान है। इसके पश्चिम-उत्तर पश्चिम की तरफ बढ़ने और दो दिसंबर को दक्षिणी तमिलनाडु तट के नजदीक पहुंचने का अनुमान है।
इन इलाकों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथनमथिट्टा जिलों के लिए दो दिसंबर को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों में इसी दिन के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
आपको बता दें कि उत्तर भारत में इस बार अधिक कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है और ज्यादा शीत लहर चल सकती है। आईएमडी ने दिसंबर से फरवरी के लिए अपने सर्दियों के पूर्वानुमान में कहा कि उत्तर और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है।