
नई दिल्ली। दुनियाभर में आज (हर साल 22 अप्रैल ) पृथ्वी दिवस (Earth Day) मनाया जाता है। इस साल पृथ्वी दिवस (Earth Day 2020) के 50 साल पूरे होने के खास मौके पर गूगल (Google) ने एक खास डूडल (Doodle) बनाया है, जिसमें पृथ्वी के सबसे छोटे जीवों में से एक 'मधुमक्खियों' को समर्पित किया है। इस डूडल को पृथ्वी और पेड़ों से बनाया गया है। इसपर एक प्ले बटन दिया गया है जिसे क्लिक करते ही आपको एक विडियो दिखाई देगा।
इस वीडियो में मधुमक्खियों के बारे में जानकारी दी गयी है। जैसे- मधुमक्खियां परागण की विधि द्वारा दुनियाभर की फसलों का उत्पादन 30 फीसदी बढ़ा देती है। इसमें एक गेम भी बनाया गया है जिसमें यूजर को मधुमक्खी को फूलों पर बैठानी है। इस दौरान आपको मधुमक्खियों और पृथ्वी से जुड़ी कई जानकारी मिलती रहेगी।
दुनियाभर में पर्यावरण की सुरक्षा के लिए पृथ्वी दिवस मनाया जाता है। बता दें कि पहले 21 मार्च और 22 अप्रैल को मनाया जाता था, लेकिन फिर साल 1970 में यह तय किया गया कि हर साल 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस माना जाएगा। बता दें कि अमेरिकी सीनेटर गेलार्ड नेल्सन पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास करते रहते रहे थे। अमेरिका में इस दिन को वृक्ष दिवस के रुप में सेलिब्रेट किया जाता है।