ऐप वर्ल्ड

यूजर्स की प्रिवेसी के कारण Facebook ने हजारों ऐप्स को किया सस्पेंड

कैंब्रिज एनालिटिका डेटा घोटाले के बाद लिया गया यह फैसला संदेह के दायरे में आने वाले ऐप पर Facebook की जांच अभी भी जारी
2 min read
• •
Updated: 22 Sep 2019, 4:57 PM IST
bookface.jpg

नई दिल्ली: कैंब्रिज एनालिटिका डेटा घोटाले के बाद फेसबुक ( Facebook ) ने करीब 400 डेवलपरों से जुड़े हजारों ऐप को कई कारणों से निलंबित कर दिया है। फेसबुक ने संदेह के दायरे में आने वाले ऐप पर अपनी जांच अभी भी जारी रखी है। सोशल नेटवर्किंग की दिग्गज कंपनी ने कहा कि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि ये ऐप लोगों के लिए खतरनाक है या नहीं।

फेसबुक ने अपने ब्लॉग पोस्ट में शुक्रवार को कहा, "वे अभी भी टेस्टिंग फेस में थे। कई काम नहीं कर रहे थे, इसलिए हमने उन सभी को निलंबित कर दिया।" एक अन्य पोस्ट में कहा गया, "कई मामलों में डेवलपरों ने जानकारी के लिए हमारे अनुरोध का जवाब नहीं दिया, इसलिए हमने उन्हें निलंबित कर दिया, क्योंकि हम कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

कैंब्रिज एनालिटिका डेटा घोटाले के बाद फेसबुक ने मार्च 2018 में अपना 'एप डेवलपर इंवेस्टिगेशन' शुरू किया था। कंपनी ने 2014 में अपनी प्लेटफॉर्म नीतियों को बदलने से पहले उन सभी ऐपों की समीक्षा करने का लक्ष्य रखा है, जिन्होंने बड़ी मात्रा में जानकारियां जुटाई थीं।

फेसबुक ने कहा, "हमारी ऐप डेवलपर जांच किसी भी तरह से खत्म नहीं हुई है। लेकिन रिपोर्ट करने के लिए अब तक सार्थक प्रगति हुई है। आज तक इस जांच में लाखों ऐप शामिल हुए हैं।"

कुछ मामलों में फेसबुक ने कुछ ऐप पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। फेसबुक ने मई में कैलिफोर्निया में एक दक्षिण कोरियाई डेटा एनालिटिक्स कंपनी रेंकवेभ के खिलाफ मुकदमा दायर किया था, क्योंकि इसने जांच में सहयोग नहीं किया था।

Published on: