मुंबई

AAIB का दावा- अजित पवार के दुर्घटनाग्रस्त विमान का ब्लैक बॉक्स जला, पत्नी सुनेत्रा ने की CBI जांच की मांग

एएआईबी के मुताबिक, अजित पवार के दुर्घटनाग्रस्त विमान के दोनों फ्लाइट रिकॉर्डर आग और अत्यधिक गर्मी से क्षतिग्रस्त हुए, लेकिन तकनीकी साक्ष्य सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया जारी है।

2 min read
Feb 18, 2026
अजित पवार की मौत की हो सीबीआई जांच- NCP (Photo: IANS)

महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान दुर्घटना की सीबीआई जांच की मांग की गई है। यह मांग अजित पवार की पत्नी और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के दौरान की गई। इससे पहले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में दो स्वतंत्र फ्लाइट रिकॉर्डर लगे थे, लेकिन दोनों को आग से नुकसान पहुंचा है। इसके बावजूद, जांच एजेंसी तकनीकी साक्ष्य जुटाने की कोशिश कर रही है।

ये भी पढ़ें

‘इच्छा नहीं पर…’, सुनेत्रा पवार संभालेंगी NCP की कमान, अजित दादा को याद कर हुईं भावुक

एनसीपी ने की सीबीआई जांच की मांग

एक दिन पहले ही सुनेत्रा पवार के साथ एनसीपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद प्रफुल्ल पटेल, राज्य अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे, मंत्री हसन मुश्रीफ और अजित पवार के बड़े बेटे पार्थ पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर इस हादसे की सीबीआई जांच कराने की मांग की।

मुलाकात के बाद तटकरे ने बताया कि सीएम फडणवीस ने आश्वासन दिया है कि राज्य सरकार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सीबीआई जांच कराने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

दोनों फ्लाइट रिकॉर्डर आग से क्षतिग्रस्त हुए- एएआईबी

इससे पहले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने 28 जनवरी को बारामती में हुए लियरजेट 45 वीटी-एसएसके हादसे की जांच पर अहम अपडेट दिया। एएआईबी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में दो स्वतंत्र फ्लाइट रिकॉर्डर लगे थे। हादसे के बाद दोनों रिकॉर्डर लंबे समय तक अत्यधिक हीट और आग की चपेट में रहे, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा। इसके बावजूद जांच एजेंसी तकनीकी साक्ष्यों को सुरक्षित रूप से प्राप्त करने की प्रक्रिया में जुटी है।

बयान में कहा गया है, डिजिटल फ्लाइट डाटा रिकॉर्डर (डीएफडीआर) का डाटा सफलतापूर्वक डाउनलोड कर लिया गया है, जबकि कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) की जांच जारी है। डाटा रिकवरी की प्रक्रिया को बेहतर तरीके से अंजाम देने के लिए विशेष तकनीकी सहयोग भी लिया जा रहा है। एएआईबी ने कहा कि पूरी जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और साक्ष्य-आधारित तरीके से की जा रही है। सभी तय मानकों और प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जा रहा है। उचित समय पर जानकारी साझा की जाएगी।

बता दें कि 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में लेयरजेट-45 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित पांच लोगों की जान चली गई थी। अजित पवार जिला परिषद और पंचायत समिति के चल रहे चुनावों के लिए जनसभा को संबोधित करने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे, तभी लैंडिंग के दौरान विमान नियंत्रण से बाहर हो गया और रनवे से करीब 50 मीटर दूर क्रैश हो गया।

ये भी पढ़ें

भाजपा से न दोस्ती अच्छी, न दुश्मनी… अजित पवार के विमान हादसे पर यह क्या बोल गए पूर्व मंत्री
Updated on:
18 Feb 2026 12:08 pm
Published on:
18 Feb 2026 12:01 pm
Also Read
View All