Maharashtra Crime: महाराष्ट्र के लातूर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपने पिता की जान ले ली।
महाराष्ट्र के लातूर जिले के चाकूर तालुका स्थित हिंपलनेर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 24 वर्षीय युवक ने गुस्से में आकर अपने ही पिता की हत्या कर दी। वजह सिर्फ इतनी थी कि कॉलेज की फीस के लिए मांगे गए पैसे गैस सिलेंडर खरीदने में खर्च हो गए थे।
मृतक की पहचान 70 वर्षीय देविदास पांचाल के रूप में हुई है। देविदास परिवार का पेट पालने के लिए बाजार में सब्जी बेचते थे। उनका बेटा चापोली के एक कॉलेज में पढ़ाई करता था। हाल ही में उसने फीस भरने के लिए पिता से पैसे मांगे थे। इस बीच लगातार बारिश के कारण घर में जलाऊ लकड़ी गीली हो गई थी और गैस खत्म होने पर उसकी मां ने उसी पैसे से नया सिलेंडर खरीदा। ऊपर से खराब मौसम के चलते सब्जी बेचने का धंधा भी ठप पड़ गया था। ऐसे में फीस देने के लिए पैसे नहीं बच पाए।
यही बात बेटे को नागवार गुजरी। गुस्से में उसने पिता से बहस शुरू कर दी। मां ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आवेश में बेटे ने घर की एक लकड़ी की लाठी उठाई और पिता के सिर पर वार कर दिया। बुरी तरह घायल देविदास को तुरंत ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां ज़्यादा खून बहने से डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर पड़ोसी और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस उपनिरीक्षक मुरलीधर मुरकुटे दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है।