Mumbai Boat capsizes : मुंबई के पास अरब सागर में एक यात्री नाव पलट गई है। इसमें लगभग 60 लोग सवार थे। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
मुंबई से दुखद खबर आ रही है। जहां गेटवे ऑफ इंडिया (Gateway of India) से एलीफेंटा (Elephanta Island) के बीच चलने वाली एक बोट अरब सागर में पलट गई। बोट में लगभग 60 लोग सवार थे। इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गई है और कई लापता बताये जा रहे है। बचाव अभियान जारी है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को उरण करंजा के पास लगभग 60 यात्रियों को ले जा रही नीलकमल (Neelkamal) नाम की निजी बोट पलट गई। जब यह हादसा हुआ तब नाव गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा द्वीप जा रही थी। हादसे का कारण अब तक पता नहीं चल पाया है।
भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) के अधिकारी ने बताया कि मुंबई के तट पर लगभग 60 लोगों को ले जा रही एक नौका डूब गई। अब तक 20 लोगों को बचाया गया है और वे भारतीय तटरक्षक जहाज सुभद्रा कुमार चौहान पर सवार हैं। खोज अभियान के दौरान एक शव भी बरामद किया गया है। अभी अधिक जानकारी का पता लगाया जा रहा है।
नौसेना, तटरक्षक बल, येलोगेट पुलिस स्टेशन और स्थानीय मछुआरों की मदद से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल, नौसेना की 11 नावें, 3 मरीन पुलिस नावें और 1 तटरक्षक पोत बचाव अभियान में जुटे हैं। इसके अलावा लापता यात्रियों का पता लगाने और उन्हें बचाने के लिए 4 हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं।