
Husband killed wife in Kolhapur: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के हाटकनंगले तालुका स्थित पेठवाडगांव कस्बे से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने प्यार और विश्वास के रिश्ते को तार-तार कर दिया है। दरअसल, यहां बुधवार की शाम एक सनकी पति ने चरित्र पर शक के चलते सरेबाजार अपनी ही पत्नी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी ने इस जघन्य अपराध को अंजाम देने से पहले अपने मोबाइल पर व्हाट्सएप स्टेटस पोस्ट करके मौत की खुली चेतावनी दी थी।
हाटकनंगले तालुका के सावरदे निवासी आरोपी दीपक लाडू कांबले (उम्र 35 वर्ष) ने वारदात से कुछ समय पहले अपने व्हाट्सएप पर एक बेहद चौंकाने वाला स्टेटस लगाया। उसने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'आज मेरा अंत है या तुम्हारा।' डिजिटल सबूत के रूप में सामने आए इस स्टेटस से साफ जाहिर होता है कि आरोपी ने पूरी प्लानिंग (सोची-समझी साजिश) के तहत इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5 बजे पीड़िता अमृता दीपक कांबले (उम्र 30 वर्ष) अपनी मां के साथ किसी कानूनी काम से वकील से मिलने के लिए एसटी (ST) स्टैंड के पीछे वाले इलाके में आई थी। उसी दौरान आरोपी दीपक भी वहां धमक गया। देखते ही देखते दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। गुस्से में पागल हो चुके दीपक ने अपनी जेब से एक धारदार चाकू निकाला और सरेबाजार अमृता पर टूट पड़ा। उसने अमृता के चेहरे और गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार किए। हमला इतना भयानक था कि अमृता खून से लथपथ होकर वहीं सड़क पर गिर पड़ी। आसमान से बरसती भारी बारिश के बीच सड़क पर बहता खून देखकर वहां मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
जब दीपक सरेआम इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे रहा था, तो बाजार में मौजूद कुछ बहादुर युवकों ने आगे बढ़कर उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन हत्यारे के सिर पर खून सवार था। उसने बेहद शांत और सख्त लहजे में लोगों को धमकाते हुए चिल्लाकर कहा कि 'वह मेरी पत्नी है, तुम लोग बीच में मत आओ, अपना काम करो।' बचाव करने आए लोगों को पीछे खदेड़कर उसने अमृता पर दोबारा चाकू से वार किए। जब अमृता की सांसें थम गईं, तो आरोपी मूंछों पर ताव देते हुए और चिल्लाते हुए कि 'मामला खत्म' वहां से फरार हो गया।
इस खौफनाक वारदात ने पूरे सावरदे गांव को सदमे में डाल दिया है। अमृता और दीपक की शादी 8 साल पहले बड़े चाव से 'लव मैरिज' (प्रेम विवाह) के रूप में हुई थी। दोनों की दो छोटी मासूम बेटियां हैं, जिनके सिर से अब मां का साया उठ चुका है और पिता हत्यारा बनकर जेल की सलाखों के पीछे जाने की कगार पर है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दीपक अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करने लगा था, जिसके कारण घर में रोज-रोज झगड़े होते थे। सुखी संसार का सपना देखने वाले इस जोड़े का अंत इतना खौफनाक होगा, किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।