मुंबई

मुंबई के कुर्ला में बड़ा हादसा, जेसीबी को उठाते ही घर पर पलट गई क्रेन, 10 लोग घायल

Mumbai Kurla crane Accident: मुंबई के कुर्ला स्थित कुरैशी नगर इलाके में आज बड़ा हादसा हो गया। यहां मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (MMRDA) के निर्माण कार्य के दौरान एक क्रेन सीधे एक रिहायशी इमारत और पास के रेलवे ट्रैक पर जा गिरी।
2 min read
Aug 21, 2026
Mumbai Crane Accident
मुंबई के कुर्ला में निर्माणाधीन साइट पर बड़ा हादसा (Photo: X/@ferozwala)

Mumbai News: मुंबई के कुर्ला स्थित कुरैशी नगर इलाके में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। एमएमआरडीए (MMRDA) के निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी मशीन को क्रेन की मदद से शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान क्रेन अचानक अनियंत्रित होकर कुछ मकानों पर जा गिरा। इस हादसे में 10 लोग घायल हो गए। लेकिन राहत की बात यह है कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। घायल लोगों को सायन अस्पताल और कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार रात करीब ढाई बजे इंदिरा नगर स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के पीछे बने म्हाडा की इमारत बुन्तारा भवन में हुई। निर्माण कार्य के दौरान क्रेन के जरिए जेसीबी मशीन को दूसरी जगह ले जाया जा रहा था। इसी दौरान क्रेन जेसीबी का वजन संभाल नहीं सका और अचानक एक ओर पलट गई। क्रेन का हिस्सा पास से गुजर रहे रेलवे ट्रैक और ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन पर भी जा गिरा।

कुर्ला-ट्रॉम्बे लाइन बाधित

हादसा के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। क्रेन गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया गया। रेलवे ट्रैक के आसपास मौजूद लोगों को भी तत्काल वहां से हटाया गया।

मध्य रेलवे प्रशासन के अनुसार, क्रेन का एक हिस्सा कुर्ला-ट्रॉम्बे के बीच स्थित सिंगल रेलवे ट्रैक और ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन पर भी जा गिरा। यह ट्रैक मुख्य रूप से मालगाड़ियों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल होता है। इसलिए इस दुर्घटना का मुंबई की लोकल ट्रेन सेवाओं पर असर नहीं पड़ा है और लोकल ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं।

10 लोगों के घायल होने की खबर, बचाव अभियान जारी

हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। रेलवे प्रशासन ने 9 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।

उधर, घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एल वार्ड के अधिकारी आपातकालीन टीमें लेकर मौके पर पहुंचे। फिलहाल रेलवे ट्रैक और घर पर गिरी क्रेन तथा मलबे को हटाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। यह भी जांच की जा रही है कि क्रेन से जेसीबी मशीन को शिफ्ट करते समय सुरक्षा के लिए निर्धारित नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य और क्रेन से जुड़ा यह काम एमएमआरडीए की जिम्मेदारी के तहत चल रहा था। हादसे के सही कारणों और लापरवाही की जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच की जा रही है।

Updated on:
21 Aug 2026 09:49 am
Published on:
21 Aug 2026 08:05 am