मुंबई

‘कुनाल ऐसा नहीं कर सकता…’, दोस्त का छलका दर्द, कहा- वह बहुत संस्कारी और होनहार लड़का था

Kunal Chandgude News: कुनाल चांदगुडे के दोस्त ने बताया कि वह बेहद संस्कारी और होनहार था। उसने कभी अपनी परेशानी के बारे में नहीं बताया। फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है।
3 min read
Aug 25, 2026
Kunal Chandgude Family Dispute
मां संगीता के साथ कुनाल चांदगुडे (Photo: X/sangita_patil-30)

Murlidhar Chandgude family dispute: महाराष्ट्र के छत्रपती संभाजीनगर में कुनाल चांदगुडे (19) और उसके माता-पिता की मौत के मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। तिसगांव इलाके के खवड़िया पहाड़ी पर हुई इस दर्दनाक घटना के बाद अब पुलिस मामले के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है। इसी बीच घटनास्थल पर कुनाल को बचाने की कोशिश करने वाले फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने उस भयावह घटनाक्रम को याद किया, जबकि कुनाल के दोस्तों ने उसके बारे में अहम बातें बताई हैं। उन्होंने कहा कि कुनाल संस्कारी और पढ़ाई में होशियार था।

बचाने की कोशिश कर रहे अधिकारी ने बताया आंखों देखा हाल

घटना के समय पहाड़ी ने नीचे मौजूद फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि कुनाल और उसके पिता एक साथ नीचे गिर गए। इसके कुछ ही समय बाद उसकी मां भी नीचे गिरीं। अधिकारी ने बताया कि वह उस समय उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे थे और इस दौरान उन्हें भी चोट लगी।

अधिकारी के मुताबिक, तीनों को बचाने के लिए तत्काल प्रयास किए गए और एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उन्हें इतनी गंभीर चोटे आई थी कि कोई बच नहीं सका। अधिकारी ने कहा कि उन्होंने अपने करीब 45 वर्षों के अनुभव में कई हादसे देखे हैं, लेकिन यह घटना उनके लिए बेहद भयावह थी।

उन्होंने बताया कि परिवार के तीनों सदस्यों को बचाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी। इस घटना ने वहां मौजूद बचाव दल के सदस्यों को भी गहरे सदमे में डाल दिया।

दोस्त ने कहा- कुनाल ऐसा कदम उठाएगा, कभी सोचा नहीं था

कुनाल की मौत की खबर से उसके दोस्त भी सदमे में हैं। उसके दोस्तों का कहना है कि कुनाल बेहद संस्कारी, शांत और अच्छे स्वभाव का लड़का था। वह पढ़ाई में भी अच्छा था और हर दिन क्लास जाता था।

कुनाल के दोस्त हर्षद गावंडे ने बताया कि कुनाल ने कभी अपने दोस्तों के सामने किसी बड़ी परेशानी या मानसिक तनाव की बात नहीं की थी। वह सामान्य तौर पर मिलनसार था और उसके व्यवहार से कभी ऐसा नहीं लगा कि वह इस तरह के किसी गंभीर कदम के बारे में सोच रहा है।

हर्षद ने यह भी कहा कि कुनाल की मौत के पीछे आईफोन को कारण मानना सही नहीं होगा। लेकिन उसके इस कदम के पीछे असली वजह क्या थी, इसके बारे में उसे नहीं पता है।

घर में हुआ था विवाद, पिता से नाराज था कुनाल

इस मामले में पारिवारिक विवाद का पहलू भी सामने आया है। कुनाल की मां संगीता के पिता बाबनराव के मुताबिक, कुछ दिन पहले परिवार में घरेलू कारणों को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने बताया कि कुनाल के पिता मुरलीधर ने कथित तौर पर कुनाल और संगीता को डांटा था। इसके बाद कुनाल अपने पिता से नाराज था। उन्होंने यह भी कहा कि नाराजगी के बावजूद कुनाल को पहाड़ी तक नहीं जाना चाहिए था। परिवार में विवाद होते रहते हैं, पर उसे इतना गंभीर नहीं बनाना चाहिए था।

पुलिस हर एंगल से कर रही मामले की जांच

कुनाल के पिता मुरलीधर (48) एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में ड्राइवर के तौर पर काम करते थे। काम के सिलसिले में उन्हें कई बार महीने तक घर से दूर रहना पड़ता था। बताया जा रहा है कि कुनाल और उसके पिता के बीच रिश्ते भी अच्छे नहीं थे।

परिवार पहले भी एक बड़े सदमे से गुजर चुका था। कुनाल के बड़े भाई की कुछ वर्ष पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। ऐसे में पुलिस अब परिवार की परिस्थितियों, आपसी रिश्तों और हालिया विवादों समेत हर पहलू की जांच कर रही है। पुलिस परिजनों और कुनाल के दोस्तों के बयान दर्ज कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर किन परिस्थितियों में यह त्रासदी हुई।

Updated on:
25 Aug 2026 08:40 am
Published on:
25 Aug 2026 08:40 am