
मुरलीधर के परिवार पर कुनाल की मौसी का पलटवार (Photo: Instagram/sangita_patil)
Murlidhar Chandgude family dispute: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के तिसगांव इलाके के खवड़िया पहाड़ी पर चांदगुडे परिवार के तीन लोगों की मौत के मामले में हर दिन चौंकाने वाले खुलासे हो रहे है। मृतक मुरलीधर चांदगुडे (48) की मां ने उनकी पत्नी संगीता चांदगुडे पर आरोप लगाया था कि उन्होंने मुरलीधर को करीब 20 साल से परिवार से दूर रखा था। अब इन आरोपों पर संगीता की बहन और कुनाल की मौसी पल्लवी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
मुरलीधर को 20 साल से परिवार से दूर रखने के आरोप पर पल्लवी जरहाड़ ने पुराने पारिवारिक विवाद का जिक्र करते हुए सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अगर मुरलीधर को परिवार से दूर रखने का आरोप लगाया जा रहा है, तो पहले यह बताया जाए कि करीब 20 साल पहले बेटे को गांव और खेत छोड़कर जाने के लिए उसके सिर पर फावड़ा क्यों मारा गया था?
उन्होंने सवाल किया कि उस समय क्या यह नहीं सोचा गया था कि चोट लगने से बेटे की जान भी जा सकती है? पल्लवी के इन आरोपों ने मामले में पुराने पारिवारिक विवाद को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। हालांकि, इन आरोपों पर अभी मुरलीधर के परिवार ने प्रतिक्रिया नहीं दी है।
कुनाल की मौसी पल्लवी ने कहा कि इस पूरी दुखद घटना की वास्तविक पृष्ठभूमि और इससे जुड़े सभी सवालों के जवाब सही समय आने पर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका पूरा परिवार इस गहरे सदमे से गुजर रहा है और उन्हें इस दुख से उबरने के लिए थोड़ा समय दिया जाए।
इस बीच, मृतक मुरलीधर के 75 वर्षीय पिता दामोदरराव चांदगुडे का दर्द हर किसी को झकझोर रहा है। बेटे, बहू और 19 वर्षीय पोते को एक साथ खोने के बाद उनका पूरा परिवार बिखर गया है।
दामोदरराव ने भावुक होकर कहा, 'हमारा सब कुछ खत्म हो गया। अब हमारा वंश आगे बढ़ाने वाला भी कोई नहीं बचा। क्या करें, कुछ समझ नहीं आ रहा। हमारा कोई सहारा नहीं रहा।' यह कहते हुए उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े।
मुरलीधर की मां ने इससे पहले संगीता चांदगुडे पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि मुरलीधर ज्यादा बात नहीं करता था, क्योंकि उसकी पत्नी उसे परिवार के लोगों से बात नहीं करने देती थीं। उन्होंने आरोप लगाया था कि संगीता ने मुरलीधर को परिवार से दूर कर दिया था।
इन आरोपों के बाद अब संगीता की बहन पल्लवी सामने आई हैं और उन्होंने चांदगुडे परिवार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। दोनों पक्षों की ओर से सामने आ रहे आरोपों के कारण मामले में पारिवारिक विवाद की परतें लगातार गहरी होती जा रही हैं।
शुक्रवार को खवड़िया पहाड़ी पर 19 वर्षीय कुनाल चांदगुडे को बचाने की कोशिश में उसके पिता मुरलीधर चांदगुडे (48) और मां संगीता की भी गिरने की वजह से मौत हो गई। इस घटना के बाद पहले आईफोन को लेकर चर्चा हुई, फिर पारिवारिक मतभेद और अब ससुराल तथा मायके पक्ष के पुराने विवाद से जुड़े आरोप सामने आए हैं। ऐसे में पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
Updated on:
24 Aug 2026 10:42 am
Published on:
24 Aug 2026 10:33 am
