मुंबई

I Love Mahadev कार्यक्रम में न जाएं, बिगड़ सकती है स्थिति… मुंबई पुलिस ने भाजपा नेता को किया आगाह

I Love Mahadev event in Mumbai: मुंबई पुलिस को आशंका है कि कुर्ला इलाके में 'आई लव महादेव' कार्यक्रम कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकता है।
2 min read
Oct 07, 2025
Indian Navy Sailor Death Mumbai
मुंबई के नेवी नगर में नौसेना जवान, पत्नी और दो मासूम बच्चों के मिले शव (Photo: IANS/File)

मुंबई में 'आई लव महादेव' अभियान को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल इस कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया को मुंबई पुलिस ने नोटिस जारी कर कार्यक्रम में भाग लेने से मना किया है। पुलिस का कहना है कि इस आयोजन के कारण शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।

पुलिस ने दी चेतावनी

मुंबई पुलिस की ओर से जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि कुर्ला पुलिस स्टेशन क्षेत्र में होने वाले इस अभियान के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है। नोटिस में कहा गया है कि यदि भाजपा नेता या उनके समर्थक बिना अनुमति के सड़कों पर जमा हुए या ऐसी कोई गतिविधि की जिससे सामाजिक तनाव पैदा हो, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नोटिस में यह भी लिखा गया है कि ऐसा होने पर सोमैया को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार माना जाएगा और यह नोटिस उनके खिलाफ सबूत के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।

मैं जरूर जाऊंगा- किरीट सोमैया

मुंबई पुलिस की चेतावनी के बावजूद किरीट सोमैया ने इस कार्यक्रम में शामिल होने का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि रविवार शाम में मुंबई पुलिस के दो अधिकारी उनके मुलुंड कार्यालय पहुंचे और उन्हें नोटिस सौंपा गया। सोमैया ने कहा, “मुझे कुर्ला के एलबीएस रोड पर न्यू इंडिया आजाद रेस्टोरेंट के पास होने वाले ‘आई लव महादेव’ अभियान में भाग लेने से रोका गया है, लेकिन मैं वहां जरूर जाऊंगा।”

उन्होंने इस अभियान को धार्मिक और सामाजिक एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि वे अपने समर्थकों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से इसमें शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान शिव के प्रति श्रद्धा प्रकट करना और समाज में सौहार्द का संदेश देना है।

उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “'आई लव महादेव' अभियान, आज शाम 6 बजे मुंबई के बीकेसी जंक्शन, एलबीएस रोड, कुर्ला में होगा।”

दरअसल देशभर में आई लव मोहम्मद विवाद इन दिनों खूब चर्चा में है। ऐसे में मुंबई पुलिस को आशंका है कि 'आई लव महादेव' आयोजन कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकता है। इसी कारण पुलिस इस कार्यक्रम को नहीं होने देना चाहती। एहतियात के तौर पर कुर्ला और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। इस पूरे घटनाक्रम ने मुंबई में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।

Updated on:
07 Oct 2025 05:51 pm
Published on:
07 Oct 2025 05:51 pm