
फोटो में सोशल मीडिया इन्फ़्लुवेंसर ऊर्फी जावेद (सोर्स: ऊर्फी जावेद इंस्टाग्राम स्क्रीनशॉट)
Uorfi Javed Career Struggle: सोशल मीडिया पर अपने अलग अंदाज के लिए चर्चा में रहने वाली ऊर्फी जावेद ने अब अपने करियर के मुश्किल दौर पर खुलकर बात की है। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में उन्हें लगातार झटके मिले। कई प्रोजेक्ट शुरू होने से पहले बंद हो गए। कुछ शो में मौका मिलते-मिलते रह गया। यहां तक कि ‘बिग बॉस’ और ‘खतरों के खिलाड़ी’ से भी उन्हें रिजेक्शन मिला।
ऊर्फी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने अपनी नाकामियों और करियर स्ट्रगल के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि यह साल उनके लिए ‘रिजेक्शन का साल’ रहा है।
ऊर्फी ने बताया कि उनका शो ‘फॉलो कर लो यार’ का दूसरा सीजन शुरू होने से करीब एक महीने पहले कैंसल कर दिया गया। इसके बाद वह नेटफ्लिक्स के एक शो का हिस्सा बनीं। उन्होंने बताया कि उस शो का एक एपिसोड भी शूट हो चुका था। लेकिन बाद में प्रोजेक्ट कैंसल कर दिया गया। ऊर्फी के मुताबिक, इस तरह के फैसलों ने उनके लिए स्थिति काफी मुश्किल बना दी।
उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया खोलने पर उन्हें हर तरफ लोग अपनी सफलता का जश्न मनाते दिखाई देते हैं। कोई नई गाड़ी खरीद रहा है। कोई अपनी उपलब्धियां बता रहा है। ऐसे में वह अपने पिछले एक साल की नाकामियों के बारे में बात करना चाहती थीं।
प्रोजेक्ट्स कैंसल होने के बाद ऊर्फी ने ‘खतरों के खिलाड़ी’ में जाने का फैसला किया। लेकिन यहां भी उन्हें रिजेक्शन का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्हें ‘लॉक अप’ का ऑफर मिला। वह इस शो को करना चाहती थीं। लेकिन एक दूसरे प्रोजेक्ट की शूटिंग डेट से क्लैश हो गया।
ऊर्फी पहले ही उस दूसरे प्रोजेक्ट के लिए साइन कर चुकी थीं। इसलिए वह ‘लॉक अप’ नहीं कर पाईं। बाद में जिस प्रोजेक्ट की वजह से उन्होंने ‘लॉक अप’ छोड़ा था, उसकी शूटिंग आगे बढ़ गई। ऊर्फी ने इस स्थिति पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर उनके साथ ऐसा क्यों हो रहा है? उन्होंने यह भी बताया कि इस साल उन्हें ‘प्लेग्राउंड’ से रिप्लेस कर दिया गया। पिछले साल वह इस शो में मेंटर थीं।
लगातार मिल रहे झटकों के बाद ऊर्फी ने सोचा कि अब वह बिग बॉस करेंगी। उन्होंने शो की टीम से संपर्क किया। मीटिंग भी हुई। लेकिन आखिर में उन्हें यहां से भी निराशा मिली। ऊर्फी ने बताया कि बिग बॉस के मेकर्स ने उन्हें रिजेक्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि वह एक रियलिटी शो करना चाहती थीं। इसलिए उन्होंने बिग बॉस के लिए कोशिश की थी। लेकिन यहां भी बात नहीं बनी।
ऊर्फी ने अपने अनुभव को बताते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों से वह परेशान थीं। ब्रांड डील्स को लेकर भी उन्होंने बदलाव महसूस किया। उनके मुताबिक, पहले उन्हें ज्यादा ब्रांड ऑफर मिलते थे। अब उनकी संख्या कम हो गई है। इन तमाम घटनाओं के बीच ऊर्फी ने अपने फैंस के साथ अपनी मुश्किलें साझा कीं। उन्होंने माना कि यह दौर आसान नहीं रहा। लेकिन अपनी असफलताओं के बारे में खुलकर बात करके उन्होंने अपने संघर्ष की एक अलग तस्वीर सामने रखी है।
Updated on:
23 Aug 2026 07:09 pm
Published on:
23 Aug 2026 07:09 pm
