सुबह गोटन थाना क्षेत्र में दो जनों की मौत के बाद देर रात को सदर थाना क्षेत्र में तीन जनोंं की गई जान- सदर थाना क्षेत्र के भदाणा फांटा के पास हुई दुर्घटना
नागौर. नागौर जिले में शुक्रवार का दिन काला साबित हुआ। एक ही दिन में दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच जनों की मौत हो गई। सुबह गोटन थाना क्षेत्र के धनापा - पुंदलू मार्ग पर एक पत्थरों से भरे ट्रक ने दो मोटरसाइकिल सवार युवकों को चपेट में ले लिया, जिसमें दोनों की मौत हो गई, जबकि रात करीब 12 बजे सदर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 65 पर भदाणा फांटा के पास हुए हादसे में तीन जनों की मौत हो गई। दुर्घटना में पिकअप चालक ने मोटरसाइकिल सवार तीनों को टक्कर मारी, जिससे तीनों की मौके पर मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर सदर थानाधिकारी सुनील चारण मय जाब्ता घटनास्थल पहुंचे तथा यातायात सुचारू करवाया। पुलिस ने तीनों शव नागौर के जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
थानाधिकारी सुनील चारण ने बताया कि घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे की है। मौके पर कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं होने के कारण देर रात तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी। जिस पर पुलिस क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल के मालिक का पता कर मृतकों की पहचान की। थानाधिकारी चारण ने बताया कि दुर्घटना में मरने वालों की पहचान थिरोद निवासी मुकेश पुत्र रामककिशोर मेघवाल व पप्पूराम पुत्र हनुमानराम तथा झुझण्डा निवासी शैतान भारती पुत्र मंगल भारती के रूप में हुई है। तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर नागौर से डेह की ओर जा रहे थे।
शनिवार सुबह परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द किए। मृतक पप्पूराम के भाई हुक्माराम ने थाने में पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
बाइक पर छापला गांव जाने के लिए हुए थे रवाना, दोनों मृतक जोधपुर जिले के रहने वाले थे
गोटन. पून्दलू-धनापा मार्ग पर शुक्रवार सुबह जेके माइंस ऑफिस के समीप ट्रक की टक्कर से बाइक पर सवार मामा-भाणजे की मौत हो गई। थानाधिकारी गजराज ने बताया कि जोधपुर जिले के छापला रामनगर गांव निवासी भागूराम उर्फ भागीरथ (30) पुत्र शिवजीराम देवासी व चोढ़ा निवासी उसका भाणजा महेन्द्र (22) पुत्र निम्बाराम देवासी सुबह डिगरणा गांव में रिश्तेदारों से मिलने के बाद छापला जाने के लिए बाइक पर रवाना हुए थे। धनापा की सरहद में जेके माइंस ऑफिस के समीप सामने से आ रहे पत्थर से लदे ट्रक ने बाइक के टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक लहराकर पलट गया। राहगीरों ने बाइक सवार दोनों घायलों को इलाज के लिए गोटन चिकित्सालय में पहुंचाया। वहां महेन्द्र को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया तथा गम्भीर रूप से घायल भागूराम को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रैफर कर दिया। घायल भागूराम ने मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया। मृतक भागूराम का जोधपुर व उसके भाणजे महेन्द्र का गोटन चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस ने मृतक महेन्द्र के चचेरे भाई चोढ़ा निवासी रमेश देवासी की रिपोर्ट पर दुर्घटना का मामला दर्ज किया है।