नागौर

नागौर MD ड्रग्स केस में बड़ा खुलासा: जिस घर में चल रही थी ड्रग फैक्ट्री, उसका मालिक निकला बैंक का सीनियर मैनेजर

नागौर पुलिस ने MD ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री के मकान मालिक राजीव कुमार भाटी को गिरफ्तार किया है, जो बैंक में सीनियर मैनेजर है। पुलिस ने ड्रग्स सप्लायर जितेंद्र को भी दबोचा और थार गाड़ी जब्त की। मामले में आगे की जांच जारी है।
2 min read
Aug 17, 2026
nagaur md drug case
नागौर पुलिस ने आरोपी महावीर की थार गाड़ी जब्त की (पत्रिका फोटो)

Nagaur MD Drug Factory: नागौर पुलिस ने 'ऑपरेशन नशा मुक्त नागौर' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एमडी बनाने के लिए मकान किराए पर देने वाले मकान मालिक और एक अन्य एमडी सप्लायर को गिरफ्तार किया है।

बैंक मैनेजर समेत दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जोधपुर रोड एनएच-62 स्थित उस मकान के मालिक राजीव कुमार भाटी (58) को गिरफ्तार किया है, जहां एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री संचालित हो रही थी। नया दरवाजा निवासी राजीव भाटी नागौर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक की मूण्डवा शाखा में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत है। डीएसपी जतिन जैन (आईपीएस) के सुपरविजन और सदर थानाधिकारी किताब चौधरी की जांच में मकान मालिक की संलिप्तता सामने आई।

इसके अलावा, मूण्डवा पुलिस ने रूण निवासी एमडी सप्लायर जितेन्द्र ब्राह्मण (पुत्र रामनिवास) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी द्वारा एमडी सप्लाई में इस्तेमाल की जाने वाली थार गाड़ी भी जब्त की है।

भारी मात्रा में एमडी, केमिकल और उपकरण बरामद

एएसपी आशाराम चौधरी ने बताया कि मुख्य आरोपी महावीर की निशानदेही पर 14 अगस्त को किराए के मकान पर छापा मारा गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस को निम्नलिखित सामग्री मिली।

  • एमडी ड्रग: 5.418 किलोग्राम
  • कैफीन पाउडर: 2.744 किलोग्राम
  • रसायन (केमिकल): लगभग 210 लीटर
  • अन्य: एमडी बनाने में प्रयुक्त मशीनरी एवं उपकरण

तस्करी का नेटवर्क और कमाई का बंटवारा

मामले का मुख्य आरोपी महावीर भारतीय नौसेना (नेवी) से भगोड़ा है और उसके खिलाफ पहले से गिरफ्तारी वारंट जारी है। पूछताछ में सामने आया है कि महावीर अवैध एमडी बनाने और उसकी सप्लाई करने वाले तस्करों के बीच होने वाली काली कमाई का निश्चित हिस्सा बांटता था।

पुलिस इस मामले में महावीर के अलावा उसके अन्य सहयोगियों कार्तिक डिडेल, राहुल शर्मा उर्फ रितिक, हड़मानराम जाट और पोकरराम जाट को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।

Updated on:
17 Aug 2026 04:19 pm
Published on:
17 Aug 2026 04:19 pm