
नागौर जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक में मंगलवार को समिति अध्यक्ष एवं जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने कहा कि सडक़ हादसों को रोकने के साथ वाहन चालकों का सफर सुरक्षित हो, इसके लिए मुस्तैदी से काम करने की आवश्यकता है। कलक्टर यादव ने एनएच के अधिकारियों को शहर के विजय वल्लभ चौक से मूण्डवा चौराहे होते हुए मानासर तक हो रहे फोरलेन सडक़ निर्माण कार्य, बीकानेर फाटक पर आरओबी निर्माण कार्य एवं नागौर से गोगेलाव तक फोरलेन कार्य को समय पर गुणवत्ता के साथ पूरा करवाने तथा मानासर आरओबी का अधूरा कार्य पूरा करवाने करवाने के निर्देश दिए।
कलक्टर ने अधिशासी अभियंता को बीकानेर-नागौर सडक़ मार्ग पर सडक़ सुरक्षा ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा प्रभारी अधिकारियों को सडक़ के पास स्थित नजदीकी अस्पतालों व ट्रोमा सेंटर की दूरी व जानकारी के विवरण बोर्ड लगाने एवं सडक़ किनारे उगी बबूल की झाडिय़ां हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नेशनल हाइवे की सडक़ों पर अतिक्रमण नहीं हो, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यातायात नियमों की सख्ती से पालना करवाई जाएं।
इन बिन्दुओं को लेकर बैठक में कलक्टर के स्पष्ट निर्देश
- नेशनल हाईवे के अधिकारियों को जिले में क्षतिग्रस्त सभी सडक़ों के मरम्मत कार्य करवाने तथा उनकी साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
- एनएच 62 पर सडक़ दुर्घटना रोकने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग और परिवहन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इस मार्ग पर लोक परिवहन बसों तथा यातायात भार अधिक होने के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं।
- पुलिस व परिवहन विभाग संयुक्त रूप से बस ड्राइवर द्वारा मोबाइल पर बात करने वालों व ओवरलोडेड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करें। साथ ही बस की छत पर बिठाकर यात्रा करवाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
- सडक़ किनारे लगे ढाबों, नो पार्किंग में वाहन खड़े करने, सडक़ किनारे अतिक्रमण आदि को लेकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
टोल नाकों पर हो क्रेन, एंबुलेंस, पेट्रोलिंग वाहन व टॉयलेट की सुविधा
कलक्टर यादव ने शहरी क्षेत्रों, ग्रामीण क्षेत्रों व राजमार्गों पर संभावित दुर्घटना क्षेत्रों, ब्लैक स्पॉट एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रभावी प्रवर्तन के लिए कार्य योजना तैयार करने, शहरी क्षेत्र में सडक़ के दोनों ओर साफ-सफाई रखने, जिले के सभी टोल नाकों पर क्रेन, एंबुलेंस व पेट्रोलिंग वाहनों, टॉयलेट की सुलभ सेवाओं आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वाहन चालकों की फिटनेस का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बुलट से पटाखे बजाने वालों के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई
कलक्टर ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करवाने तथा बिना कागजात व बिना नंबर लिखे वाहनों एवं काले शीशे लगे वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करवाने के लिए वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगवाने एवं यातायात नियमों का उल्लघंन करने पर ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई करने तथा इंटरसेप्टर वाहन से सघन जांच बढ़ाने के निर्देश दिए। कलक्टर ने शहर में बुलट मोटरसाइकिल के साइलेंसर मोडिफाई करके पटाखे बजाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
चालकों का नियमित हेल्थ चेकअप हो
कलक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को व्यावसायिक वाहन चालकों, बाल वाहिनी के वाहन चालकों की नियमित हेल्थ चेकअप व आई चेकअप करवाने के लिए कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ट्रोमा सेंटर का विकास एवं एम्बुलेंस सेवा का विस्तार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सडक़ सुरक्षा को लेकर जागरुकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। कलक्टर ने डिस्कॉम के अधिकारियों को सडक़ किनारे लगे बिजली के पोल हटाने एवं लटकते तारों को अभियान चलाकर ऊंचे करवाने के निर्देश दिए।